राँची:डिबडीह पुल के नीचे मालगाड़ी की चपेट में आए रेलकर्मी, मौके पर मौत; लोहरदगा लाइन पर तैनात थे की-मैन
राँची। राजधानी राँची के दिबडीह पुल के नीचे रविवार को दर्दनाक रेल हादसे में एक रेलकर्मी की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राम अवधेश लाल (59 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रेलवे में की-मैन के पद पर तैनात थे और लोहरदगा रेल लाइन पर ड्यूटी करते थे।
बताया जा रहा है कि राम अवधेश लाल रविवार को रेलवे ट्रैक पर अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी। काम में व्यस्त रेलकर्मी को मालगाड़ी के आने का ध्यान नहीं रहा और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह दलबल के साथ और राँची जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। हादसा किस परिस्थितियों में हुआ और ड्यूटी के दौरान रेलकर्मी को मालगाड़ी के आने की जानकारी क्यों नहीं हो सकी, इसकी भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

