Ranchi:सामूहिक आदर्श विवाह में एक दूजे के अटूट बंधन में बंधे 121 जोड़ें….सैकड़ों लोगों ने दिया नवदम्पति को आशीर्वाद…

 

राँची।विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के तत्वावधान और सामाजिक संस्था मी टू वी के सहयोग से राँची गौशाला न्यास सुकूरहुटू कांके में नर सेवा ही नारायण सेवा के तहत आदर्श सामूहिक विवाह सह वात्सल्य उत्सव का आयोजन किया गया। आदर्श सामूहिक विवाह में 121 जोड़े सात जन्मों के रिश्ते में बंध गए।सामूहिक विवाह समारोह में झारखण्ड के विभिन्न जिलों से आए सभी 121 जोड़ों का विवाह पूरे रस्म, बारात, वरमाला, फेरों एवं वैदिक मंत्रोचार के साथ हुआ। सात दिव्यांग जोड़ियां का भी विवाह हुआ। इनका कन्यादान सिंघानिया परिवार के कमल, प्रदीप और विमल सिंघानिया के सहयोग से हुआ।

सभी नव दंपतियों को गृहस्थी की सामग्री एवं सामानों के साथ-साथ विवाह का प्रमाण पत्र दिया गया। पूरा परिसर फूलों से सजाया गया था। समारोह में आए सभी सम्मानित अतिथियों ने नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वात्सल्य उत्सव में 16 दिव्यांग संस्थाओं के लगभग 400 बच्चों ने सामान्य बच्चों के साथ रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत किया। माहिर संस्थान के बच्चों ने सबका मन मोह लिया। सृजन हेल्प परिवार के बच्चों ने इस कार्यक्रम का लाभ उठाया।

200 दिव्यांग जनों एवं विशेष प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में 40 वृद्ध जनों को सम्मानित किया गया। वात्सल्य उत्सव में किन्नर समुदाय के 25 सदस्यों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। सभी किन्नर सदस्य और वृद्ध जनों कलाकारों को सम्मानित किया गया। नगर से आए 1000 से भी अधिक लोगों को उपहार स्वरूप इंदौर के पौधों को आकर्षक कांच के गमले में रखकर वितरित किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने आए 121 जोड़ों को 22 लोगों ने कन्यादान भी किया।

कार्यक्रम की विशेषता आदित्य जालान आदर्श विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा गणेश वंदना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम था। एक शुभकामना गीत का भी मंचन हुआ। उत्सव में भारतीय संस्कृति के अनुरूप सभी के मनोरंजन के लिए पुरुलिया शैली की प्रसिद्ध नटराज कला संगम टीम 25 से अधिक कलाकारों द्वारा छऊ नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में न्यू नागपुरिया कला संगम के सुनील महतो द्वारा 22 से भी अधिक कलाकारों द्वारा नागपुरिया गीत संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।

विहिप सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि कार्यक्रम स्थल में रक्तदान सेवा एवं आकस्मिक चिकित्सा शिविर लगाया गया था। इसका लाभ सैकड़ो लोगों ने उठाया। आदर्श विवाह समारोह के संयोजक विष्णु कुमार जालान, वात्सल्य उत्सव के संयोजक उम्मल जैन, मी टू सी संस्थान के संयोजक मुरारी अग्रवाल, विहिप झारखण्ड सेवा विभाग के प्रांतीय सह सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल एवं प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने सवों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम प्रातः 8 बजे गौ पूजन एवं गौ सेवा के साथ प्रारंभ हुआ। अपराह्न 3 बजे नव विवाहित दंपतियों की विदाई हुई। समारोह में चंद्रकांत रायपत, मुरारी अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, कैलाश केसरी, विष्णु कुमार जालान, उम्मेदमल जैन, भानु प्रकाश जालान, प्रकाश बजाज, बसंत कुमार मित्तल, संजय सर्राफ, विष्णु अग्रवाल, मिथिलेश्वर मिश्रा, निखिल अग्रवाल, सोहन दारूका, डॉ वीरेंद्र साहू, प्रेम अग्रवाल, फतेह चंद्र अग्रवाल, भैरव सिंह, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, आनंद अग्रवाल, प्रेम मित्तल, भगवती भुवालका, अरविंद बंका, शशांक भारद्वाज, किशन अग्रवाल, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।