राँची पुलिस को देखते ही भागने लगा कुख्यात चेन स्नैचर,भागने के दौरान टूटा पैर,पुलिस के हत्थे चढ़ा….रिम्स में भर्ती…

राँची।राजधानी राँची का कुख्यात चेन स्नैचर पुलिस के हत्थे चढ़ा है।अरगोड़ा पुलिस ने कुख्यात चेन स्नैचर मो शाकिब उर्फ देबा को बीते शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। राँची पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। राजधानी के कई थाना क्षेत्रों में यह स्नैचिंग (छिनतई) के लिए कुख्यात है। पिछले कई महीने में इसने अपने गिरोह के साथ मिलकर तीन दर्जन से अधिक स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है। इसकी गिरफ्तारी नाटकीय तरीके से तब हुई, जब यह अरगोड़ा चौक के पास स्नैचिंग करने की फिराक में था। पुलिस इसके पीछे लगी हुई थी, इस बात से यह अंजान था।लेकिन, जैसे ही पुलिस पर इसकी नजर पड़ी यह भागने लगा। इसी क्रम में गिर पड़ा और इसका दांया पैर टूट गया। पैर टूट जाने के बाद देबा भाग नहीं सका उसके बाद पुलिस ने घायल अवस्था में शाकिब उर्फ देबा को रिम्स में भर्ती कराया है।जहाँ उकसा इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि अपराधी देबा का पैर घुटना के पास से टूट गया है।

शाकिब और उसका गिरोह अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अलावा डोरंडा, जगन्नाथपुर,चुटिया, सुखदेवनगर और धुर्वा में लगातार स्नैचिंग करता था। गिरफ्तार शाकिब हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के छोटा तालाब के पास का रहने वाला है।

अब तक 20 लाख से अधिक की स्नैचिंग

गिरफ्तार शाकिब ने पुलिस के समक्ष कबूला है कि वह अबतक जितनी चेनें छीनी हैं, उनके मूल्य 20 लाख रुपए से ऊपर होंगे। उसने बताया है कि छीनी गई कोई भी चेन 10 ग्राम से कम की नहीं थी, जिन्हें वह 25 से 30 हजार रुपए में ही बेचा है। चेन बेचकर जो पैसा मिले थे, उन्हें उसने अपने गिरोह में में बंटे हैं। इससे पहले भी शाकिब जेल जा चुका है।

राँची पुलिस इससे पहले अगस्त माह में शाकिब की पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुका है।लेकिन शाकिब उर्फ देबा फरार चल रहा था और शहर में नए अपराधियों के साथ चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दे रहा था।

पत्नी से करवाता था स्नैचिंग के चेन की बिक्री,सोनार भी मिला हुआ था

अरगोड़ा थाना की पुलिस ने अगस्त महीने में मो. शाकिब की पत्नी, उसके गिरोह के दो सदस्य और एक सोनार को गिरफ्तार किया था। इसका गिरोह इतना शातिर है कि मो. शाकिब अपनी पत्नी शबनम परवीन उर्फ जोया उर्फ चांदनी के माध्यम से स्नैचिंग का चेन सोनार के यहां बेचने के लिए भेजता था। ताकि किसी को शक नहीं हो कि जो चेन बेचा जा रहा है वह स्नैचिंग का है। वहीं एक सोनार अजय वर्मा उर्फ अजय सोनी भी मो. शाकिब से मिला हुआ था। वह स्नैचिंग के सभी चेन कम दाम में इनसे खरीद लेता था। फिर उसे गला कर उसका उपयोग दूसरे जेवरात को बनाने में करता था। पुलिस ने अजय सोनी को भी गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने 14 ग्राम गलाया हुआ सोना भी बरामद किया था।