Ranchi:चुटिया में देसी कट्टा लेकर पहुंचे थे हत्या करने,महिला ने दिखाई हिम्मत तो भागे अपराधी,प्राथमिकी दर्ज

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक 25 साल की महिला ने हिम्मत दिखाई, तो उसके सामने हत्या के इरादे से हथियार लेकर पहुंचे दो अपराधी भी भाग निकले। घटना चुटिया थाना क्षेत्र के तेली टोली की है। इस संबंध में राखी देवी ने चुटिया थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार राखी देवी चुटिया के तेली टोली में मुकेश साहू के घर में किराए के मकान में रहती है। 19 फरवरी की रात 8.10 बजे वह अपने घर में अकेली कमरे में थी। उनके पति भगत साहू काम से नहीं लौटे थे। उनके कमरे में अचानक दो अज्ञात व्यक्ति घुसे। राखी देवी ने सोचा की उनके घर में नीचे से मकान मालिक आए होंगे। लेकिन दोनों अज्ञात व्यक्तियों ने राखी देवी का गला पकड़ लिया और दबाने लगे। राखी देवी ने दोनों अज्ञात लोगो का विरोध किया और शोर मचाने लगी। उन दोनों अज्ञात युवकों के हाथ में हथियार भी था। जब राखी देवी ने शोर मचाना शुरू किया तो दोनों वहां से नीचे भागने लगे। भागने के क्रम में उनके हाथ से हथियार नीचे गिर गया। राखी देवी का शोर सुन उनके मकान मालिक उन दोनों अज्ञात युवकों के पीछे भागे, लेकिन वे लोग भाग निकले। जब राखी देवी ने बताया कि कुछ लोहे का सामान उन लोगो का कमरे में गिरा है, उसे देखा गया तो वह देसी कट्टा निकला। इसके बाद चुटिया थाना को इसकी सूचना दी गई। पुलिस वहां पहुंची और देसी कट्टा जब्त कर थाना ले गई।

घर में घुसकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

इस मामले में चुटिया थाना में राखी देवी के बयान पर घर में घुसकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।इस मामले में अनुसंधान पदाधिकारी सुरेंद्र उपाध्याय को बनाया गया है। हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस को यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि अज्ञात दोनों युवक कौन थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।