जामताड़ा:युवक की गोली मारकर हत्या,परिजनों का आरोप दोस्तों ने की हत्या,पुलिस छानबीन में जुटी है

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक युवक की पहचान कुशबेदिया धोबी टोला निवासी 24 वर्षीय विनन्द रजक के रूप में की गई है। वहीं परिवार वालों का आरोप है कि युवक अपने दोस्तों के साथ धोबीपाड़ा मैदान गया था। इसके बाद कुशबेदिया डंगाल के पास सड़क किनारे से युवक की लाश बरामद की गई।अनुमान लगाया जा रहा है कि सोमवार रात करीब दस से ग्यारह बजे के बीच घटना को अंजाम दिया गया। परिवार को देर रात घटना की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।मृतक युवक कोलकाता के एक कॉल सेंटर में काम करता था। परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

इधर मृतक की बहन रूबी देवी ने आरोप लगाया है कि घटना के समय युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ था। युवक को दो गोलियां मारी गई हैं। एक गोली उसे छू कर निकल गई। दूसरी गोली लग गई। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटनास्थल के पास ही युवक की बाइक पड़ी हुई थी। युवक कुछ दिन पूर्व ही कोलकाता से अपने गांव लौटा था। युवक की माँ ने अपने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है।