PLFI कमांडर के नाम पर रंगदारी की तीन चिट्ठियां, 5 लाख नहीं देने पर बेटे की हत्या की धमकी
राँची। राजधानी राँची के हटिया इलाके में PLFI कमांडर के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। प्रेम नगर रोड नंबर-6 और चोरिया टोली रोड नंबर-1 निवासी सुशील होरो के परिवार को अलग-अलग दिनों में तीन धमकी भरे पत्र मिले हैं। पहली चिट्ठी में एक लाख, दूसरी में दो लाख और तीसरी चिट्ठी में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर परिवार के छोटे बेटे प्रिंस की हत्या करने की धमकी दी गई है।
लगातार तीन धमकी भरे पत्र मिलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। मामले को लेकर सुशील होरो की पत्नी किरण होरो ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्राथमिकी के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे किरण होरो घर का दरवाजा बंद कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें दरवाजे के पास एक लिफाफा पड़ा मिला। लिफाफा खोलने पर उसमें धमकी भरा पत्र था। पत्र में उनके पति सुशील होरो के नाम से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।पत्र में रकम 27 सितंबर की रात 11:30 बजे तक देने की बात कही गई थी। रुपये नहीं देने पर छोटे बेटे प्रिंस को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
परिवार ने शुरुआत में इसे किसी शरारती तत्व की करतूत मानकर गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन इसके बाद लगातार दो और धमकी भरे पत्र मिलने से मामला गंभीर हो गया।
28 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसी के घर के पास परिवार को दूसरी धमकी भरी चिट्ठी मिली। इस बार रंगदारी की रकम बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई थी। पत्र में रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।इसके बाद 2 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे एक अन्य पड़ोसी के घर के गेट के पास तीसरा पत्र मिला। तीसरी चिट्ठी में सीधे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही रकम नहीं देने पर प्रिंस की हत्या करने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि उनके एक रिश्तेदार के घर पोकला, कामडारा थाना क्षेत्र, गुमला में भी 21 और 25 सितंबर को इसी तरह पैसे की मांग की गई थी। इसके बाद परिवार को आशंका है कि कहीं दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह या अपराधी तो नहीं हैं।हालांकि, शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि किसी परिचित व्यक्ति द्वारा डर पैदा कर ठगी करने की कोशिश की जा सकती है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि PLFI के नाम का इस्तेमाल कर धमकी भरे पत्र कौन भेज रहा है और इन पत्रों के पीछे असली मकसद क्या है।
पुलिस धमकी भरे तीनों पत्रों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में पत्र लिखने वाले की पहचान, पत्र पहुंचाने के तरीके और गुमला में सामने आई घटनाओं के बीच संभावित संबंध को भी खंगाला जा रहा है।

