Ranchi:बीआईटी ओपी क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार का तांडव,ऑटो और बाइक को मारी टक्कर;तीन घायल…

राँची।राजधानी राँची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने पहले ऑटो और फिर बाइक को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ऑटो और बाइक सवार समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही थी। इसी दौरान कार की पहले एक ऑटो से जोरदार टक्कर हुई। ऑटो को टक्कर मारने के बाद कार आगे बढ़ी और सामने से आ रही बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ऑटो और बाइक सवार घायल हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही बीआईटी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घायलों को चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है।घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार, ऑटो और बाइक को कब्जे में ले लिया। सभी वाहनों को बीआईटी ओपी लाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार की गति कितनी थी और हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था। आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।देर रात व्यस्त सड़क पर हुए इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!