Ranchi:तालाब से किशोर का शव मिलने के बाद सनसनी,माँ ने 4 दोस्तों पर दर्ज कराई हत्या की FIR
-सिर पर चोट, नाक से बह रहा था खून और टूटा मिला हाथ, परिजनों का आरोप- पीट-पीटकर हत्या के बाद तालाब में फेंका शव, कपड़े झाड़ियों में छिपाए
राँची।राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर तालाब से संदिग्ध हालात में मिले किशोर रोहित कुमार के शव के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।मृतक के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों, टूटे हाथ और बहते खून को देखते हुए माँ प्रमिला देवी ने बेटे के चार दोस्तों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए धुर्वा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की भूमिका खंगालने में जुट गई है। घटना के संबंध में साईट-5, मामा नगर (जगन्नाथपुर) निवासी प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा रोहित 4 अक्टूबर की सुबह करीब 7:45 बजे अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकला था।देर शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने दोस्तों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया और गुमराह करते रहे।
जगन्नाथपुर पुलिस की पूछताछ में दोस्तों ने कहा था- डूब गया
अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने पहले जगन्नाथपुर थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने जब रोहित के चारों दोस्तों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तब उन्होंने खुलासा किया कि रोहित जगन्नाथपुर तालाब में डूब गया है।इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मशक्कत के बाद सोमवार (5 अक्टूबर) को तालाब से रोहित का शव बाहर निकाला।
शव देख भड़के परिजन, माँ बोली- डूबने से नहीं, पीट-पीटकर की गई हत्या
तालाब से शव बाहर निकलते ही मामले ने संदिग्ध मोड़ ले लिया। रोहित के सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, नाक से लगातार खून बह रहा था और उसके एक हाथ की हड्डी भी टूटी पाई गई।इसके अलावा उसके कपड़े तालाब किनारे झाड़ियों में छिपाकर फेंके गए थे।मां प्रमिला देवी का सीधा आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है।चारों दोस्तों आर्यन, शनि, आयुष और उसके भाई ने मिलकर रोहित के साथ बेरहमी से मारपीट की और हत्या करने के बाद मामले को डूबने का रूप देने के लिए शव को पानी में धकेल दिया।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तेज की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
धुर्वा थाना पुलिस ने माँ की लिखित तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के गंभीर आरोपों और शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहनता से तफ्तीश की जा रही है.।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

