चालक को आई झपकी,रेलिंग तोड़ 40 फीट नीचे नदी में गिरी बोलेरो,​​​​​​एक बाराती की मौत,8 घायल

​​​​​
जशपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर में गुरुवार को तेज रफ्तार में एक बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि 8 लोग घायल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अचानक बोलेरो अनियंत्रित होने के कारण नदी में गिर गई। हादसा लोदाम चौकी क्षेत्र में हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, झारखण्ड से कुछ लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए राजपुर गांव आए थे। यहां से सभी एक बोलेरो में लौट रहे थे। ग्राम रूपसेरा के पास पहुंचे थे कि पुल पर बनी सीमेंट की रेलिंग को तोड़ते हुए कोक नदी में बोलेरो जा गिरी। नदी में पानी कम होने के चलते बोलेरो सीधे वहां बने बांध से टकराई। इसके बाद चीख पुकार मच गई।

वहीं सूचना पर पहुंची चौकी प्रभारी ईश्वर वारले सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने झारखण्ड के गुमला निवासी भगवान मुंडा 40 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य 8 लोगों का इलाज की जा रही है। उनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि झारखण्ड से सभी लोग लड़के की बारात लेकर आए थे। शादी के बाद सभी यहां से देर रात करीब 11 बजे दुल्हन को विदा करा लौट रहे थे। एक गाड़ी में दूल्हा-दुल्हन परिजनों के साथ थे, दूसरी गाड़ी में अन्य रिश्तेदार बैठे थे।जिस बोलेरो का एक्सीडेंट हुआ, उसके चालक को झपकी आ गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।