महिला आरक्षी की सर्विस रिवॉल्वर से पति की मौत, मचा हड़कंप; आत्महत्या या हत्या…खून से सने कपड़े और बंद कमरे का राज खोलेगी FSL रिपोर्ट
पटना। बिहार की राजधानी पटना से सटे विक्रम में महिला आरक्षी की सर्विस रिवाल्वर से उसके पति की गोली लगने से मौत के बाद पूरा मामला रहस्य में घिर गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्य और घटनाक्रम से जुड़े कई सवालों ने जांच को गंभीर बना दिया है। अब पुलिस की नजर सर्विस रिवाल्वर, फिंगरप्रिंट, गोली की दिशा, खून से सने कपड़ों और FSL रिपोर्ट पर टिकी है।
मृतक की पहचान राज आर्या के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भागलपुर जिले के सुल्तानगंज के रहने वाले थे। उनकी पत्नी श्रुति कुमारी डायल-112 टीम में महिला आरक्षी के पद पर तैनात हैं। दोनों की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी और पिछले करीब एक वर्ष से बिक्रम बाजार स्थित राम पुकार सिंह के किराये के मकान में रह रहे थे।
तीन दिन पहले घर आया था पति, सोमवार शाम हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राज आर्या अक्सर घर पर नहीं रहते थे और कभी-कभी ही पत्नी के पास आते थे। बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन दिन पहले ही वह घर आया था। सोमवार की देर शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गोली चलने की घटना सामने आई।गोली लगने के बाद राज आर्या को उनकी पत्नी श्रुति के साथ एम्स लाया गया।अस्पताल पहुंचने तक श्रुति के कपड़ों पर खून लगा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जिस हथियार से चली गोली, उसी ने बढ़ाया सस्पेंस
सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज आर्या को गोली महिला आरक्षी श्रुति कुमारी की सर्विस रिवाल्वर से लगी। पुलिस ने हथियार को सुरक्षित कर वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा है।FSL टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। गोली किस दिशा से चली, गोली लगने के समय दोनों की स्थिति क्या थी और हथियार का इस्तेमाल किसने किया।इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है।
FSL टीम ने श्रुति कुमारी और राज आर्या के अंगुलियों के निशान भी लिए हैं। सर्विस रिवाल्वर से भी जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। अब इन रिपोर्टों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि हथियार पर किसके फिंगरप्रिंट हैं और घटनास्थल पर मिले साक्ष्य घटनाक्रम से किस तरह मेल खाते हैं।
खून से सने कपड़े और चुप्पी ने बढ़ाए सवाल
घटना के बाद जब राज आर्या को एम्स लाया गया, उस वक्त उनकी पत्नी श्रुति कुमारी के कपड़ों पर खून लगा था। FSL टीम ने उनके कपड़ों से भी साक्ष्य जुटाए हैं।वहीं, पुलिस अधिकारियों ने श्रुति से घटना के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उसने घटना को लेकर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पुलिस उसकी चुप्पी और घटनाक्रम के बीच की कड़ियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
घटना के दिन ड्यूटी पर नहीं गई थी श्रुति
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन यानी कल सोमवार को श्रुति कुमारी ड्यूटी पर नहीं गई थीं। पुलिस के अनुसार, दोनों पति-पत्नी घर में ही मौजूद थे और घटना से पहले घर से बाहर नहीं निकले थे।राज आर्या के बारे में बताया गया है कि वह कोई काम नहीं करते थे। दंपती की कोई संतान भी नहीं थी। पति-पत्नी के बीच सोमवार शाम हुए विवाद के बाद गोली चलने की घटना ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।
एम्स में शव की निगरानी, पिता के अलावा किसी को नहीं जाने दिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद राज आर्या के पिता भी एम्स पहुंचे। पुलिस की निगरानी में उन्हें बेटे के शव के पास जाने की अनुमति दी गई। वहीं, पुलिस ने अस्पताल में बाहरी और अनजान लोगों की आवाजाही पर रोक रखी।महिला आरक्षी से भी किसी को मिलने या बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस पूरे मामले में किसी भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरत रही है।
पुलिस मान रही आत्महत्या, लेकिन जांच में खुले हैं कई पहलू
सिटी एसपी पश्चिमी की ओर से घटना को प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया गया है। हालांकि जांच अभी पूरी नहीं हुई है। पुलिस हत्या की आशंका समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच के दायरे में रख रही है।अब सबसे अहम सवालों के जवाब FSL और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।गोली किस दिशा से चली? रिवाल्वर किसने चलाया? हथियार पर किसके निशान मिले? कपड़ों और घटनास्थल से मिले साक्ष्य क्या बताते हैं? और सोमवार शाम पति-पत्नी के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ था?
इन सवालों के जवाब सामने आने के बाद ही राज आर्या की मौत की असली तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल महिला आरक्षी की सर्विस रिवाल्वर से हुई पति की मौत ने विक्रम के इस मामले को कई सवालों और रहस्य के बीच ला खड़ा किया है।

