लॉज में चल रहा था देह व्यापार का खेल….छापेमारी में आपत्तिजनक सामान बरामद, संचालक सहित दो गिरफ्तार

 

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी स्थित गुप्ता लॉज में कथित देह व्यापार के कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में पुलिस को लॉज के कमरों से महिलाओं के कपड़े, शराब की बोतलें, सिगरेट समेत कई आपत्तिजनक सामान मिले। कार्रवाई के बाद पुलिस ने लॉज के संचालक मानिक साह और सह संचालक नारायण तंतुबाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सोमवार देर शाम दोनों को जेल भेज दिया गया।

मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के बयान पर मानिक साह, नारायण तंतुबाई और कंचन कुमारी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, साकची पुलिस को सूचना मिली थी कि गुप्ता लॉज में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और वहां अपराधियों का जमावड़ा रहता है। साथ ही बाहर से लड़कियों को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार कराए जाने की भी जानकारी पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने लॉज में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने लॉज के कमरों की तलाशी ली। तलाशी में महिलाओं के कपड़े, शराब की बोतल, सिगरेट समेत अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने इसके बाद लॉज में रखे आने-जाने वाले लोगों के रजिस्टर को भी खंगाला।

जांच के दौरान पुलिस को रजिस्टर में लॉज में ठहरने और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी अधूरी दर्ज मिली। पुलिस को आशंका है कि लॉज में आने वाले सभी लोगों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया जाता था। इसी बिंदु को भी जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लॉज में कथित अनैतिक गतिविधियां कब से संचालित थीं, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और बाहर से महिलाओं को कौन बुलाता था। लॉज में नियमित रूप से आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!