देवघर में फिल्मी अंदाज में ATM चोरी, रस्सी से शटर खींचकर उखाड़ा, फिर मशीन कार में लादकर फरार हुए बदमाश
देवघर। झारखण्ड के देवघर में अपराधियों ने मंगलवार तड़के ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नंदन पहाड़ स्थित SBI के ATM को बदमाशों ने पहले निशाना बनाया और फिर शटर काटकर पूरी ATM मशीन ही उखाड़ ली। इसके बाद मशीन को कुछ दूर तक घसीटा गया और फिर कार में लादकर अपराधी फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच कपड़े से चेहरा ढके कुछ बदमाश ATM के पास पहुंचे। बदमाशों ने पहले ATM का शटर वाहन में रस्सी लगाकर उखाड़ा और फिर अंदर घुसकर मशीन को बाहर निकाला। इसके बाद मशीन को घसीटते हुए कुछ दूर ले जाया गया और फिर कार में लादकर मौके से फरार हो गए। घटना को जिस अंदाज में अंजाम दिया गया, उससे यह साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां और वारदात को अंजाम देने का तरीका सामने आया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पूजा से पहले इस तरह की घटना निश्चित रूप से चिंताजनक है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद देवघर पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख बॉर्डर और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि अपराधी ATM मशीन को लेकर किसी दूसरे रास्ते से शहर से बाहर निकलने की कोशिश कर सकते हैं।पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों और अपराधियों के भागने वाले रूट की भी पड़ताल कर रही है। स्पेशल टीम को जल्द से जल्द बदमाशों तक पहुंचने का टास्क दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस तरह बदमाश शहर के बीच से ATM मशीन ही उखाड़कर ले गए, उससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। खासकर पूजा के पहले हुई इस वारदात ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी के बीच इस तरह ATM को निशाना बनाकर पूरी मशीन ले जाना पुलिस के लिए भी गंभीर चुनौती माना जा रहा है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कौन हैं ये बदमाश, ATM में कितनी रकम थी और चोरी की मशीन को लेकर वे किस रास्ते से फरार हुए? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से सामने आने की उम्मीद है।

