चलते ट्रेलर के पीछे उठी आग की लपटें, पुलिस की नजर पड़ी तो टला बड़ा हादसा
सिमडेगा। कोलेबिरा में चलती ट्रेलर के पिछले हिस्से में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम की नजर ट्रेलर पर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल ट्रेलर को रुकवाया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे ट्रेलर को जलने से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या OD 16 K 2250 ओडिशा से फ्लाई ऐश लेकर गुमला की ओर जा रहा था। कोलेबिरा पहुंचने के दौरान ट्रेलर के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। खास बात यह रही कि चालक और सहचालक को इसकी भनक तक नहीं लगी थी और ट्रेलर आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान कोलेबिरा थाना की पेट्रोलिंग टीम की नजर ट्रेलर के पिछले हिस्से से उठती आग की लपटों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए ट्रेलर को चंडी होटल के पास रुकवाया। इसके बाद पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आग पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले सकती थी। पुलिस की इस सतर्कता से बड़ा नुकसान होने से टल गया।इस कार्रवाई में कोलेबिरा थाना के एएसआई हरिपद महतो, मुंशी हरेंद्र पासवान, अभिषेक कुमार समेत अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

