देवघर में साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई: 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार, पीएम किसान व ग्राहक सेवा के नाम पर करता था ठगी…

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर में देवघर साइबर थाने की पुलिस ने पालाजोरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 11 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी ग्राहक सेवा और सरकारी योजनाओं के नाम पर देशभर के लोगों से ठगी कर रहे थे। यह गिरोह सर्च इंजन पर नामी कंपनियों और बैंकों के फर्जी ग्राहक सेवा नंबर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके अलावा लिंक भेजकर और खुद को अधिकारी बताकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़प लेता था।

यह कार्रवाई एसपी देवघर के निर्देश पर साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा, साइबर थाना देवघर और पालाजोरी थाना की संयुक्त टीम ने की। छापेमारी में 11 आरोपियों को पकड़ा गया, गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम रब्बानी, बजरंगी मंडल, मनीष कुमार मंडल, ब्रहमदेव दास, अरबाज अंसारी, ताजुद्दीन असारी, मनवर अंसारी, असलम अंसारी, बिनोद मिर्धा, उपेन्द्र मेहरा और विक्रम रजक शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं, लेकिन बाहर आने के बाद फिर इसी धंधे में लग गए थे।

ऐसे चलता था ठगी का खेल

ये लोग नामी खरीद-बिक्री कंपनियों, भुगतान सेवा और बैंक के नाम पर अपने मोबाइल नंबर डालते थे। मदद के लिए संपर्क करने वाले लोग सीधे इनके जाल में फंस जाते थे। इसके अलावा ये खुद को भुगतान सेवा का अधिकारी बताकर कैशबैक का लालच देते और लोगों से उपहार कार्ड बनवाकर उसे तुरंत भुना लेते थे। बैंकिंग ठगी के तहत ये एयरटेल भुगतान बैंक का अधिकारी बनकर कॉल करते और ‘थैंक्स एप’ के माध्यम से कार्ड बंद होने का डर दिखाकर उसे चालू करने के नाम पर पैसे ट्रांसफर करा लेते थे। गिरोह ग्रामीण और कम पढ़े-लिखे लोगों को पीएम किसान योजना और कर्ज दिलाने का झांसा देकर ठगता था। आसान लाभ के लालच में लोग इनके झांसे में आ जाते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और देशभर में लोगों को निशाना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!