Ranchi:दक्षिण अफ्रीका में नौकरी दिलाने के नाम पर कई युवकों से 9.50 लाख की ठगी,जांच में जुटी है पुलिस..

 

राँची।विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है।दक्षिण अफ्रीका की पेट्रोलियम कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच युवकों से करीब 9.50 लाख रुपये ठग लिए गए। इस मामले में लोअर बाजार थाना में केस दर्ज किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।मामले में गोरखपुर निवासी 28 वर्षीय रोशन कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।केस में गोरखपुर निवासी मो. सुफियान और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।पुलिस ने बताया कि दर्ज मामले के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, रोस्पा टावर स्थित एक ऑफिस के पते पर दक्षिण अफ्रीका में नौकरी का विज्ञापन जारी किया गया था।यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया था।विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को सुफियान बताया और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद युवकों से व्हाट्सएप के जरिए उनका सीवी मांगा गया। सीवी भेजने के कुछ समय बाद ही कथित तौर पर ऑफर लेटर भेज दिया गया, जिसमें 700 अमेरिकी डॉलर वेतन देने का उल्लेख था।आकर्षक सैलरी और विदेश में नौकरी के लालच में युवक इस जाल में फंसते चले गए।रोशन कुमार के साथ राम मनोज यादव और सोनू यादव सहित अन्य युवकों ने जब नौकरी के लिए हामी भरी, तो आरोपियों ने उनसे अलग-अलग मदों में पैसे मांगने शुरू कर दिए। सीवी प्रोसेसिंग, टिकट बुकिंग, वीजा और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर कुल 9.50 लाख रुपये वसूले गए।युवकों को व्हाट्सएप पर ही फ्लाइट टिकट भेजा गया, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि प्रक्रिया सही है।इसके अलावा मेडिकल जांच के नाम पर भी प्रत्येक युवक से पांच-पांच हजार रुपये अतिरिक्त लिए गए।

बताया कि जब सभी युवक दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां उनकी मुलाकात दो अन्य युवकों से हुई, जो इसी तरह के ऑफर के तहत आए थे।इस दौरान जब उन्होंने आरोपी से संपर्क कर टिकट कंफर्म कराने को कहा, तो वह टालमटोल करने लगा. संदेह होने पर एयरपोर्ट पर जब टिकट और वीजा की जांच कराई गई, तो वे पूरी तरह फर्जी निकले। इसके बाद युवकों को अहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।

ठगी का शिकार हुए सभी युवक दिल्ली से राँची पहुंचे और रोस्पा टावर स्थित बताए गए ऑफिस गए। लेकिन वहां पहुंचने पर ऑफिस बंद मिला और ताला लटका हुआ था। इसके बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित ठगी का मामला है।

युवकों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनका पासपोर्ट भी अवैध तरीके से अपने पास रख लिया है।यह मामला और भी गंभीर हो जाता है, क्योंकि इसमें न केवल आर्थिक ठगी, बल्कि दस्तावेजों के दुरुपयोग की भी आशंका है।लोअर बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह का खुलासा किया जाएगा

error: Content is protected !!