साप्ताहिक बाजार में बिजली का पोल तार सहित गिरा, करंट से सब्जी बेच रही महिला की मौत..बाजार में मचा हड़कंप..
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बनासो साप्ताहिक बाजार में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मौसम खराब और तेज बारिश के दौरान बिजली का पोल और तार अचानक गिर जाने से एक महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला बाजार मे सब्जी बेच रही थी।मिली जानकारी के अनुसार मृतका सोहगी देवी 50 वर्ष पति गंदोरी महतो ग्राम बकसपुरा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बताया जाता है कि दोपहर में अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में लगा बिजली का पोल तार सहित गिर गया, जिसकी चपेट में आकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।स्थानीय लोगों ने मृतक के शव को उठाने से मना कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची पर स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी आएंगे तभी शव को उठाने देंगे।बकसपुरा पंचायत के मुखिया सह स्थानीय निवासी ननकू महतो ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुआवजा की मांग की है।

