घर के गेट पर महिला से चेन छिनतई कर बाइक सवार अपराधी फरार…इधर ऑफिस गेट से 1.26 लाख रुपये ले उड़ा बाइक सवार अपराधी..

घर के गेट पर महिला से चेन झपटी: गली में घुसे बदमाश, बाइक से फरार

 

राँची। धुर्वा थाना क्षेत्र में चेन झपटमारी की वारदात सामने आई है। सेक्टर-3 निवासी 62 वर्षीय निर्मला तिवारी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने घर के गेट पर ही सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि 8 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे वह अपनी बड़ी बहन के साथ जेपी मार्केट से ई-रिक्शा से लौटकर गली के मोड़ पर उतरीं। वहां से पैदल घर पहुंचीं और जैसे ही सीढ़ी का गेट खोलकर अंदर प्रवेश कर रही थीं, पीछे से आए एक बदमाश ने गले से चेन झपट ली। इसी दौरान दूसरा साथी बाइक लेकर गली में पहुंचा और दोनों आरोपी दाहिनी ओर की गली से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, झपटमारी करने वाला युवक लंबा, मजबूत कद का था और काला टी-शर्ट पहने था, जबकि बाइक चालक कम उम्र का और नाटे कद का था। बाइक का अंतिम नंबर 85 बताया जा रहा है। छिनी गई चेन का वजन करीब 15 ग्राम बताया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ऑफिस गेट से 1.26 लाख उड़ाए: 10 सेकंड में बैग उठा बाइक सवार फरार

पंडरा ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने ऑफिस गेट से रुपये से भरा बैग उड़ा लिया। घटना 7 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे की है। मामले में पंडरा ओपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित कमल उरांव, जो आईटीसी कंपनी से जुड़े एक सेल्समैन हैं, ने बताया कि वे रोज की तरह एजेंसी से बिल बनवाकर सिगरेट का माल लेकर क्षेत्र में बिक्री करते हैं और शाम में ऑफिस में पैसा जमा करते हैं। घटना के दिन उन्होंने 1,26,107 रुपये का बिल बनवाया था और उसी रकम को थैले में रखकर ऑफिस गेट पर कुछ देर के लिए रखा। इसी दौरान वे जैसे ही ऑफिस के अंदर गए, बाहर खड़े दो अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर थैला लेकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोर पहले से ही बाइक पर घात लगाए थे और बैग उठाते ही कैंपस के दूसरे गेट पर खड़े अपने साथी के साथ काले-चांदी रंग की स्पोर्ट बाइक से भाग निकले।

 

error: Content is protected !!