Jharkhand:चाईबासा में सर्च अभियान के दौरान एक नक्सली गिरफ्तार,कई सामान बरामद

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सलियों से हुए उप मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च अभियान में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और बड़ी संख्या में नक्सलियों द्वारा उपयोग किए जा रहे सामान को बरामद किया गया है।बताया गया कि 7 से 10 जून तक सुरक्षाबलो द्वारा भाकपा माओवादियों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में 9 जून की सुबह टोंटो थाना क्षेत्र के सरजामबुरू और तुंबाहाका क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख माओवादी भाग खड़े हुए थे। वहीं सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने रेंगड़ा गांव के युवक आबिल कोड़ा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ बुधराम और मोछू उर्फ मेहनत के दस्ते से जुड़ा हुआ है। मुठभेड़ के दौरान भी वे दस्ते के साथ था और निगरानी का कार्य कर रहा था। सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने 9 पीस मोबाइल, 6 पीस काला पिट्ठू, 2 डांगरी, 8 पीस जाता,15 किलो चूड़ा, 20 किलो चना, 6 पीस पानी का जार के अलावा खाने पीने का और सामान कपड़ा, बर्तन और दवाइयां अन्य सामान बरामद की गई हैं।