जमशेदपुर:आपसी विवाद में गोलीबारी,एक युवक घायल, पुलिस छानबीन में जुटी है

जमशेदपुर।पूवी सिंहभूम के जमशेदपुर में बुधवार को गोली चली।ये घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबुल टाउन स्थित केबुल क्लब हाउस के पास हुई है।घटना में एक युवक घायल हुआ है। उसकी पहचान रोहित पाठक के रूप में की गई है। वहीं हमले का आरोप कुणाल सिंह व उदय चौधरी पर लग रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे और बाइक बरामद किया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि 4 से 5 राउंड गोलियां चली हैं। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।बताया जाता है कि केबुल क्लब हाउस के पास कुछ लड़कों की भीड़ लगी थी। अचानक इनके बीच विवाद होने लगी। थोड़ी देर में गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लड़कों ने फायरिंग कर दी। गोली चलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर एक व्यक्ति के सिर से खून निकलते देखा गया। बताया जा रहा है कि मारपीट में युवक के सिर में चोट लगी है। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान सारे युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वहां गिरी बाइक को जब्त कर लिया है।