बिहार:तुम्हारे बाप का नौकर नहीं हूँ,फिर संतरी ने जज के सीने में सटाकर तान दी रायफल,गोली मारने की धमकी दी..

खगडिय़ा।बिहार के खगडिय़ा में एक न्‍यायाधीश पर होमगार्ड जवान ने राइफल तान दी। इतना ही नहीं होमगार्ड ने न्‍यायाधीश को अमर्यादित शब्‍द भी कहे। इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस विवाद के दौरान होमगार्ड घायल हो गया। वह बेहोश है। इलाज किया जा रहा है। यह घटना जज के आवास पर हुई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश पर एक होमगार्ड ने मंगलवार सुबह को राइफल तान दी। घटना न्यायाधीश के आवास की ही है। इसे लेकर प्रधान न्यायाधीश राजकुमार की शिकायत पर होमगार्ड बीरेंद्र सिंह पर मुफस्सिल थाना में केस दर्ज किया गया है।दर्ज केस में प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि सुबह में 05.15 बजे वे सैर पर निकले। लगभग 06.15 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि आवास का गेट खुला है और गेट ड्यूटी पर कोई संतरी नहीं है।संतरी बीरेंद्र सिंह को जब कहा गया तो उसने कहा कि उसकी वहां पर ड्यूटी नहीं है। उससे जब आवास की सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया तो उसने जवाब दिया कि तुम्हारे बाप का नौकर नहीं हूं। विरोध जताने पर होमगार्ड ने उनके सीने में राइफल सटाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश द्वारा पुलिस बुला ली गई। पुलिस अपने साथ होमगार्ड को ले गई

इधर, होमगार्ड की स्थिति नाजुक देखकर मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेगूसराय रेफर कर दिया गया। होमगार्ड की स्थिति नाजुक बनी हुई है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि होमगार्ड कैसे जख्मी हुआ।

–“अभी होमगार्ड इलाजरत है। दोनों पक्षों की बात सुनकर कुछ बता पाऊंगा। फिलहाल डीएम से मिलकर एडीएम, डीएसपी और होमगार्ड के कामांडेंट की कमेटी बनाकर मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होंगे, कानून के तहत कार्रवाई होगी।” – अमितेश कुमार, एसपी, खगडिय़ा।

रिपोर्ट-साभार

www.aapkilathi.com