बीमारी और अकेलेपन की जंग हारे पूर्व DDC सुनील कुमार सिंह, राँची में मिला शव
राँची।रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारियों के जीवन में सेवानिवृत्ति के बाद का अकेलापन और बीमारी किस कदर हावी हो सकती है, इसकी एक बेहद दुखद और संवेदनशील तस्वीर रविवार को राँची में देखने को मिली। लालपुर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धो-कान्हू पार्क के समीप विन्ध्यवासिनी अपार्टमेंट में रह रहे पूर्व उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुनील कुमार सिंह ने अपने कमरे में पंखे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
एक दौर में प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालने वाले पूर्व अधिकारी पिछले कुछ समय से गंभीर शारीरिक बीमारी और उससे उपजे तनाव से जूझ रहे थे। वे अपार्टमेंट में बिल्कुल अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहती हैं। अपनी तकलीफों और शारीरिक परेशानियों को लेकर वे अक्सर अपने परिजनों से चर्चा भी किया करते थे, लेकिन आखिरकार बीमारी और अकेलेपन की यह जंग उन पर भारी पड़ गई।
घटना का खुलासा रविवार सुबह करीब नौ बजे हुआ, जब उनकी नौकरानी रोज की तरह काम करने पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तब अनहोनी की आशंका हुई और जब अंदर देखा गया तो उनका शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत लालपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस फिलहाल कमरे की गहन तलाशी ले रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वहां कोई सुसाइड नोट छोड़ा गया है या नहीं। इसके साथ ही पुलिस उनके कॉल डिटेल्स, मेडिकल हिस्ट्री और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

