कार और बाइक में भीषण टक्कर,बाइक में लगी आग,एक महिला सहित दो की मौत,आधा दर्जन लोग घायल….

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में एनएच-98 पर कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हुई है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई थी।एक महिला समेत दो की मौत भी हो गई है। मृतकों में एक महिला जबकि एक युवक शामिल है।मृतक महिला गिरिडीह की रहने वाली थी, जबकि युवक पलामू के छतरपुर का रहने वाला था।घटना बुधवार की देर रात की है।मिली जानकारी के मुताबिक, पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र में पर एक कार डालटनगंज की तरफ तेजी से जा रही थी।इसी क्रम में सामने से आ रही एक बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए थे।दुर्घटना में बाइक सवार कलीन्द्र उरांव और कार सवार महिला प्रभा कुमारी शर्मा की मौके पर मौत हो गई।छह अन्य लोग जख्मी हो गए है, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है।कुछ को रेफर किया गया है।

बताया जाता है कि मृतक कलींद्र उरांव छतरपुर थाना क्षेत्र के मंदेया का रहने वाला था। कलींद्र की बाइक पर तीन अन्य युवक भी सवार थे, सभी युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।छतरपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगो की मौत हुई है, जबकि जख्मी को इलाज के लिए भेजा गया है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई थी, जिसे स्थानीय ग्रामीण और पुलिस ने मिलकर बुझा दिया था। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सड़क जाम करने की फिराक में थे लेकिन पुलिस अधिकारियों के द्वारा समझा देने के बाद वह शांत हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पहुंच गए हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

 

पलामू में सड़क हादसा, ट्रैक्टर पलटने से एक शख्स की मौत

दूसरी घटना पलामू जिले में हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में जपला-छतरपुर मुख्य पथ के चौवा चट्टान गांव के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के पलट जाने से गम्हर बिगहा निवासी 55 वर्षीय कमलेश सिंह की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि कमलेश सिंह ट्रैक्टर पर बैठ कर घर आ रहे थे।इसी क्रम में चौवा चट्टान गांव के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गयाम जिससे 55 वर्षीय कमलेश सिंह दब गए।। आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और ट्रैक्टर की ट्रॉली को उठकर कमलेश सिंह को बाहर निकाला। गंभीर स्थिति में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर कमलेश सिंह के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। हुसैनाबाद थाना पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है।

बताया जाता है कि कमलेश सिंह पैदल अपने घर गम्हर बिगहा जा रहे थे।उन्होंने ट्रैक्टर को हाथ देकर रुकवाया और उसपर सवार हो गए। घर जल्दी पहुंचने के चक्कर में उनकी जान चली गई। ग्रामीणों के अनुसार तेज गति होने की वजह ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें दबने की वजह कमलेश सिंह की मौत हो गई। ड्राइवर फरार बताया जा रहा है।हुसैनाबाद पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के निर्देश पर एएसआई कौलेश्वर लोहरा ने अस्पताल पहुंच कर तफ्तीश शुरू कर दी है।उन्होंने बताया कि घटना बुधवार देर रात की होने की वजह शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।