सिमडेगा:धान कुटाई के दौरान महिला मशीन की चपेट में आई,महिला की घटनास्थल पर हुई मौत

सिमडेगा।जिले के बानो थाना क्षेत्र स्थित साहूबेड़ा पंचायत के गोर्रा गांव की घटना है। जहां महिला की साड़ी धान चक्की मशीन के चपेट में आ गई और उसकी मौके पर मौत हो गई। महिला की पहचान सलोनी हेंब्रोम के रूप में की गई है। घटना रविवार की सुबह की है। बताया जा रहा है कि मशीन से एक तरफ आटा पीसने का काम चल रहा था वहीं दूसरी तरफ धान से चावल निकाले का काम हो रहा था।इस दौरान महिला वहां मजदूरी का काम कर रही थी। धान की भूसी अलग करने के दौरान वह मशीन के काफी नजदीक पहुंच गई। मशीन में उसकी साड़ी फंस गई। उसने साड़ी निकालने की काफी कोशिश की लेकिन वह इसमें सफल नहीं हुई।हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इधर हादसे की जानकारी थोड़ी देर में आसपास के गांवों में पहुंच गई। इसके बाद खेत व घरों में काम कर रहे लोग सब कुछ छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। मशीन चालक से इस बारे में पुलिस व स्थानीय लोगों ने पूछताछ की। घटना के बाद महिला के परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। बताया गया कि महिला के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। इस कारण वह मजूदरी का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। पुलिस ने परिवार के लोगों का भी बयान दर्ज किया है।