सिमडेगा:बानो थाना क्षेत्र से शाम में बच्चे का अपहरण,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को 4 घंटे में सकुशल किया बरामद, एक गिरफ्तार

सिमडेगा:-बानो थाना क्षेत्र स्थित चटक टोली गांव में रविवार की शाम अज्ञात अपराधियों के द्वारा एक बच्चे का अपहरण कर लिया गया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस की सक्रियता के कारण रात 9:00 बजे लचरागढ़ मिशन के समीप से बच्चे की सकुशल बरामदगी कर ली गई है। राजेश सिंह नामक ग्रामीण के 5 वर्षीय मूकबधिर पुत्र संजय सिंह का अपहरण किया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इधर परिजनों के अनुसार अपहरणकर्ताओं के द्वारा लगातार मोबाइल में फोन कर दो लाख रुपए रंगदारी की मांग की जा रही थी। बताया गया कि अपहरणकर्ता के द्वारा पैसे नहीं देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही बानो पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई थी। पुलिस संभावित इलाकों में छापामारी अभियान चला रही थी। बताया गया कि बानो और कोलेबिरा पुलिस अपराधियों के द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन से लोकेशन को ट्रेस करते हुए लचरागढ़ मिशन के समीप पहुंची। अपराधी बच्चे को लेकर वही छिपे हुए थे। अपराधियों ने जैसे ही पुलिस को देखा वे लोग बच्चे को वहीं झाड़ी में छोड़कर वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने मूक बधिर बच्चे की सकुशल बरामदगी करते हुए अपराधियों के एक स्कूटी को भी बरामद किया है। पुलिस ने भाग रहे एक अपराधी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापामारी अभियान जारी रखा है। इधर एसपी डॉक्टर शम्स तबरेज ने बताया कि बच्चे की सकुशल बरामदगी में पुलिस ने बेहतर काम किया है। उन्होंने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट ;विकास