कुत्तों ने खोला ‘कंकाल’ का खौफनाक राज़…. 21 दिन, 1 मिट्टी में दबा सच और ‘हत्यारा’ भाई…लातेहार का रोंगटे खड़े कर देने वाला कांड

लातेहार।खेत की खामोश मिट्टी अपने सीने में एक ऐसा ‘खौफनाक राज़’ छुपाए बैठी थी, जिसकी भनक न परिवार को थी, न पूरे गाँव को थी, 20 दिनों तक सब कुछ सामान्य चलता रहा… लेकिन 21 जुलाई की सुबह जब कुत्तों के एक झुंड ने खेत के किनारे मिट्टी को पागलों की तरह कुरेदना शुरू किया, तो हवा में किसी अनहोनी का शक तैर गया।ग्रामीणों की खबर पर जब पुलिस की कुदालों ने ज़मीन का सीना चीरा, तो नीचे से एक मानव कंकाल बाहर आने लगा… और ठीक उसी पल, भीड़ के बीच खड़ा एक शख्स बदहवास होकर भागने लगा!
भीड़ में खड़ा था कातिल… भागने की कोशिश पड़ी भारी!
कंकाल के बाहर आते ही, मौके पर मौजूद मृतक के सगे भाई पास्कल टोपनो के चेहरे की हवाइयाँ उड़ गईं। पुलिस की तेज़ नज़रों से उसका भागना छिप न सका। जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। चंद मिनटों की कड़ाई से पूछताछ… और फिर पास्कल ने जो सच उगला, उसने सुनने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए और कहा हाँ, मैंने ही अपने बड़े भाई दयाल टोपनो को मारा है… और उसकी लाश को खेत में दफना दिया था।
शराब का जाम, लोहे का सबल और खूनी खेल
पुलिसिया तफ़्तीश में इस खौफनाक साज़िश की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं:
1 जुलाई की वो काली रात: ज़मीन और घर के पुराने विवाद को लेकर दोनों भाइयों में तनातनी चल रही थी।
साथ बैठकर पी शराब: 1 जुलाई को दोनों भाइयों ने साथ बैठकर शराब पी। नशा चढ़ते ही बहस शुरू हुई।
सब्र का बाँध टूटा: पास्कल ने लोहे के भारी सबल से अपने 40 वर्षीय अविवाहित भाई दयाल टोपनो पर जानलेवा वार कर दिया।
आधी रात को दफ़न हुआ सच: हत्या के बाद पास्कल ने शव को घर से आधा किलोमीटर दूर खेत में घसीटकर गहरा गड्ढा खोदा और दफना दिया।
20 दिन तक ‘मासूम’ बना घूमता रहा कातिल
वारदात को अंजाम देने के बाद पास्कल ऐसे रहने लगा, मानो कुछ हुआ ही न हो! गाँव वालों से हँसकर मिलना, परिवार के साथ खाना-पीना और रोज़मर्रा के काम… किसी को ज़रा सा भी शक नहीं हुआ। चूंकि दयाल अक्सर बिना बताए बाहर चला जाता था, परिजनों ने सोचा कि वह इस बार भी काम से कहीं बाहर गया है।
लेकिन, कहते हैं न… ‘पाप कभी छिपता नहीं!’
ना किसी मुखबिर की इत्तिला, ना ही कोई हाई-टेक सर्विलांस… एक बेज़ुबान कुत्तों की टोली ने 21 दिनों से दफन इस खौफनाक सच का पर्दाफाश कर दिया!
अब सलाखों के पीछे पास्कल
चंदवा थाना के प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि कंकाल की शिनाख्त दयाल टोपनो के रूप में हुई है।चंदवा थाना में कांड संख्या 142/26 दर्ज कर ली गई है।आरोपी पास्कल टोपनो को गिरफ्तार कर लातेहार मंडल कारा (जेल) भेज दिया गया है।

