बोकारो में पुलिस की वर्दी में मिला सड़ा-गला शव, महाराष्ट्र के सतारा से जुड़ा मामला; जांच में जुटी पुलिस

बोकारो। जिले के गोमिया के आईईएल थाना क्षेत्र स्थित बैंक मोड़ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डोली पैलेस के कमरा नंबर 106 से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई होगी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है।
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। बरामद आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सुभाष अशोक धूमल के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के सतारा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।पुलिस को कमरे से ‘क्राइम प्रिवेंशन इन्विटिगेशन काउंसिल’ नामक संस्था का एक आईडी कार्ड भी मिला है। मृतक के पास यह कार्ड कैसे पहुंचा और वह संस्था से किस रूप में जुड़ा था, इसकी भी जांच की जा रही है।
मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद के मुताबिक, मृतक ने खुद को मेजर बताते हुए 22 फरवरी 2026 को कमरा नंबर 106 किराए पर लिया था। इसके बाद वह लगातार इसी कमरे में रह रहा था।
मकान मालिक ने बताया कि किराए को लेकर उसकी आखिरी बातचीत 3-4 अगस्त के आसपास मोबाइल फोन पर हुई थी। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका।
रविवार सुबह अपार्टमेंट में साफ-सफाई के दौरान चौकीदार को कमरे नंबर 106 से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसकी जानकारी मकान मालिक को दी गई। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव काफी खराब स्थिति में था और शरीर काला पड़ चुका था।
थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल ने बताया कि कमरे की तलाशी में मोबाइल फोन, आधार कार्ड और एक संस्थान का आईडी कार्ड बरामद हुआ है। दस्तावेजों में दर्ज मोबाइल नंबर और पते के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।परिजनों से सम्पर्क कर जानकारी दे दी गई है।

