पलामू में बारातियों से भरी बस पलटी,करीब एक दर्जन बाराती घायल….

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हैदरनगर में शुक्रवार को बारातियों से भी बस पलट गई। जिसमें 10 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया है।वहीं मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई है।

बिहार के देव से पलामू के हैदरनगर के पतरिया बारात की वापसी के इंतजार में बैठे परिजनों को क्या पता था कि उनके घर के समीप ही इतनी बड़ी दुर्घटना हो जाएगी। बाराती बस पलटने की सूचना मिलने के बाद हैदरनगर थाना क्षेत्र के पतरिया गांव में कई लोगों के घरों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पतरिया गांव की बारात बिहार के देव से वापस पलामू के हैदरनगर लौट रही थी।परिजन नई नवेली दुल्हन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच गांव से थोड़ी दूरी पर ही बारात से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बस में फंसे 12 लोगों को निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया।अस्पताल में घायलों के अलावा उनके परिजनों की भीड़ लग गई। चिकित्सकों ने सभी घायलों का तत्काल इलाज किया।

घायल बारातियों में हैदरनगर के पतरिया गांव के अर्जुन प्रजापति, गोपाल प्रजापति, महेंद्र प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, कमलेश राम, दुर्गा प्रजापति सहित कई अन्य शामिल हैं।