राजधानी में हिंसा के बाद 12 थाना क्षेत्रों में लगा निषेधाज्ञा, इंटरनेट बंद, सड़को पर पसरा सन्नाटा

रांची। राजधानी रांची में शुक्रवार को मेन रोड इलाके में धर्म के नाम पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाज़ी की और राह चलते लोगों की पिटाई करने की भी खबर सामने आई है। जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए लाठी चार्ज की थी फिर भी हालात नियंत्रण से बाहर रहने के बाद पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी थी। तब जाकर उपद्रवी दुम दबाकर भाग खड़े हुए। हिंसा की घटना के बाद रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले भर में इंटरनेट सेवा को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। साथ ही जिला प्रशासन ने 12 थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। जिसके बाद से आज रांची की सड़को पर सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने राजधानी रांची क्षेत्र में सभी तरह की इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह रोक रांची जिले में रविवार तक लागू रहेगी।

पत्थरबाजी में एसएसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल, गोली लगने से दो उपद्रवियों की मौत

शुक्रवार को मेन रोड इलाके में हुए हिंसक प्रदर्शन में उपद्रवियों ने जिले के एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी सहित कई अन्य पुलिसकर्मीयों को पत्थरबाजी की घटना में घायल कर दिया। उन्मादी भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से हुए फायरिंग में दो उपद्रवियों की मौत हो गई है। जबकि कई उपद्रवी घायल भी बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज राजधानी के ही अस्पतालों में चल रहा है।

उपद्रवियों ने बिहार सरकार के मंत्री को भी बनाया निशाना

बिहार सरकार के पथ परिवहन मंत्री नितिन नवीन किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल होटल कैपिटल हिल से निकल कर जब वह अन्य जगह जाने लगे तभी उन्मादी भीड़ ने उनके वाहन पर हमला कर दिया। पुलिस ने जैसे तैसे कर भीड़ से निकाल कर उन्हे सुरक्षित स्थान पर पहुचाई।