पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ खौफनाक प्लान…एक साल तक खाने में मिलाती रही जहर, पत्नी गिरफ्तार
गाजियाबाद/डेस्क।उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक साजिश सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। जिस पत्नी के हाथों में परिवार की रसोई और अपनों की सेहत की जिम्मेदारी थी, उसी पर अपने पति, बेटे और भांजे को करीब एक साल तक खाने में धीमा जहर देने का आरोप लगा है। आरोप है कि महिला बेहद शातिर तरीके से खाने में सीसा (लेड) मिलाकर परोसती रही और परिवार के तीन सदस्यों को धीरे-धीरे मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश करती रही।
इस सनसनीखेज मामले के पीछे करोड़ों रुपये का आर्थिक लालच सामने आया है। पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी महिला की नजर पति के करीब 5 से 6 करोड़ रुपये के ट्रैवल कारोबार और 2 करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी पर थी। महिला खुद इस बीमा पॉलिसी की नॉमिनी थी। पुलिस के मुताबिक, उसे लगता था कि पति की मौत के बाद कारोबार और बीमा की रकम उसके हाथ आ जाएगी।
मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी रेणु भटनागर को 23 नवंबर को दिल्ली के झिलमिल कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसकी मां लता सक्सेना, भाई रवि सक्सेना, बहनोई सुशील गिरधर और बबलू नामक व्यक्ति को भी नामजद किया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश की जांच कर रही है।
अचानक बिगड़ने लगी कारोबारी की तबीयत, जांच में मिला जहरीला लेड
मामला गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके का है। यहां रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी सुशील कुमार भटनागर की तबीयत पिछले साल 21 अगस्त को अचानक बेहद खराब हो गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जांच के दौरान उनके खून में लेड की मात्रा असामान्य रूप से अधिक पाई गई। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में करीब दो महीने तक इलाज कराना पड़ा।
शुरुआत में परिवार को भी समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उनकी तबीयत लगातार क्यों बिगड़ रही है। बाद में दोबारा तबीयत खराब होने पर जांच कराई गई तो चिकित्सकों को फिर शरीर में लेड की अधिक मात्रा मिली। डॉक्टरों को शक हुआ कि यह सामान्य बीमारी नहीं, बल्कि लंबे समय से जहरीले तत्व के संपर्क में आने का मामला हो सकता है।
इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ने लगी। कारोबारी के 16 वर्षीय बेटे वंश और 21 वर्षीय भांजे देव की मेडिकल जांच में भी लेड पॉइजनिंग के संकेत मिले। तीनों के शरीर में एक ही तरह के जहरीले तत्व का मिलना पूरे मामले को संदिग्ध बना रहा था।
बेटी की एक बात ने खोल दी घर के अंदर चल रही खौफनाक साजिश!
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा कारोबारी की 12 वर्षीय बेटी की बात से हुआ। पुलिस के मुताबिक, सितंबर के पहले सप्ताह में बेटी ने अपने पिता को बताया कि उसकी मां खाने का कुछ हिस्सा अपने और बेटी के लिए अलग रख देती थी। इसके बाद बाकी लोगों को परोसे जाने वाले खाने पर किसी स्प्रे जैसी चीज का छिड़काव करती थी।
बेटी की इस बात ने पिता के शक को और गहरा कर दिया। उन्हें आशंका हुई कि घर के खाने में ही कुछ ऐसा मिलाया जा रहा है, जिसकी वजह से उनकी और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ रही है।
इसके बाद उन्होंने पत्नी से अलग रहना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि करीब एक महीने तक पत्नी से अलग रहने के बाद जब दोबारा मेडिकल जांच कराई गई तो खून में लेड की मात्रा कम पाई गई। इससे उनका शक और मजबूत हो गया।
खाने में मिलाया जा रहा था सीसा, ज्वैलरी कारोबार से भी जुड़ा शक
पीड़ित ने चिकित्सकों से बातचीत के बाद पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उनका संदेह था कि खाने में मिलाया जा रहा सीसा ज्वैलरी बनाने में इस्तेमाल होने वाला पदार्थ हो सकता है। पत्नी के मायके पक्ष के लोगों का आभूषण कारोबार से जुड़ाव होने के कारण इस दिशा में भी संदेह जताया गया।
सुशील भटनागर ने 24 सितंबर को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में पत्नी रेणु भटनागर के अलावा सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, बहनोई सुशील गिरधर और बबलू को भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए नामजद किया।
6 करोड़ का कारोबार और 2 करोड़ का बीमा, पुलिस पूछताछ में सामने आया आर्थिक लालच
जांच के दौरान पुलिस के सामने आर्थिक लाभ का एंगल सामने आया। पुलिस के मुताबिक, रेणु ने पूछताछ में बताया कि उसके पति का ट्रैवल कारोबार करीब 5 से 6 करोड़ रुपये का है। इसके अलावा पति के नाम पर 2 करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी है, जिसमें वह नॉमिनी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद कारोबार और बीमा की रकम पर उसका अधिकार हो जाएगा। इसी लालच में उसने कथित तौर पर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस का दावा है कि कारोबारी के भांजे देव को भी निशाना बनाया गया, क्योंकि वह कारोबार की देखरेख करता था। वहीं, बेटा वंश पिता का साथ देता था, इसलिए उसे भी कथित साजिश का शिकार बनाया गया।
प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद का भी आरोप
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने पत्नी के मोबाइल की जांच में एक मुस्लिम युवक जिसका नाम बबलू के साथ उसके कथित संबंधों की जानकारी मिलने का भी दावा किया है। पति का आरोप है कि इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता था। हालांकि, कथित प्रेम संबंध और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
दिल्ली से गिरफ्तार हुई आरोपी पत्नी, बाकी नामजद आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, चिकित्सकों के बयान और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। शुरुआती जांच में पति, बेटे और भांजे को लंबे समय तक लेड दिए जाने के आरोपों से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को रेणु भटनागर को दिल्ली के झिलमिल इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 123 (जहर आदि के माध्यम से चोट पहुंचाना) और 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला को लेड कहां से मिला, खाने में इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाता था और इस कथित साजिश में नामजद अन्य लोगों की क्या भूमिका थी। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की भी तैयारी कर रही है।
फिलहाल इस पूरे मामले ने एक बार फिर रिश्तों के भीतर छिपे लालच और विश्वासघात की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। जिस घर में परिवार के लोग एक साथ बैठकर खाना खाते थे, उसी खाने को कथित तौर पर मौत का सामान बनाने की साजिश रची जा रही थी।

