राँची से पीछा कर भुरकुंडा बाजार में किया अपहरण, पुलिस की दबिश से जंगल में छोड़ भागे अपराधी; पांच गिरफ्तार, सकुशल बचाई गई 42 वर्षीय व्यक्ति की जान

 

रामगढ़/राँची।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में दिनदहाड़े अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। अपराधियों ने पहले राँची से एक व्यक्ति का पीछा किया और फिर भुरकुंडा बाजार में घेरकर उसे अगवा कर लिया। मारपीट करते हुए जबरन स्विफ्ट कार में बैठाया और अलग-अलग रास्तों से होते हुए दूसरे जिले में ले गए। लेकिन पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश ने अपहरणकर्ताओं की पूरी योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर अपराधी अपहृत व्यक्ति को राँची के पिठोरिया स्थित जंगल के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने 42 वर्षीय कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

बुधवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने पूरे अपहरण कांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घटना 23 नवंबर की शाम की है। करीब चार से पांच बजे के बीच पतरातू थाना क्षेत्र के भुरकुंडा बाजार स्थित गणेश ज्वेलर्स के समीप से कमलेश ठाकुर का अपहरण कर लिया गया था। अज्ञात अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर जबरन सफेद रंग की स्विफ्ट कार में बैठाकर वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद अपहृत की पत्नी रिंकू देवी ने भुरकुंडा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर 24 नवंबर को भुरकुंडा ओपी कांड संख्या 307/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्य और सूचना तंत्र से अपराधियों तक पहुंची पुलिस

अपहरण की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जाने लगी। पुलिस की बढ़ती सक्रियता और गिरफ्तारी के डर से अपहरणकर्ताओं के बीच घबराहट बढ़ गई। आखिरकार उन्होंने कमलेश ठाकुर को राँची के पिठोरिया स्थित जंगल के समीप छोड़ दिया। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।

राँची रिंग रोड पर घेराबंदी, पांचों आरोपी गिरफ्तार

अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज कर दिया। 24 नवंबर की रात राँची रिंग रोड स्थित लॉ कॉलेज, होसिर के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट कार (जेएच01सीवी-4472) भी बरामद की। इसके अलावा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पैसों के लेन-देन और आपसी रंजिश में रची गई थी अपहरण की साजिश

पुलिस के अनुसार, इस अपहरण के पीछे पैसों के लेन-देन से जुड़ा विवाद और आपसी रंजिश मुख्य वजह थी। आरोपियों ने पहले राँची से कमलेश ठाकुर की गतिविधियों पर नजर रखी और उनका पीछा किया। इसके बाद भुरकुंडा बाजार में मौका देखकर उन्हें अगवा कर लिया। अपहरण के बाद अपराधी कमलेश को उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा के रास्ते गुमला ले गए। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस की लगातार छापेमारी के कारण आरोपी उन्हें अपने कब्जे में ज्यादा देर तक नहीं रख सके और अंततः पिठोरिया के जंगल के पास छोड़कर भाग निकले।

गिरफ्तार आरोपियों में चार राँची और एक रामगढ़ का

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र कुमार साव (31 वर्ष), राजमणि गुप्ता उर्फ बंटी (37 वर्ष), रौशन कुमार सिंह (30 वर्ष), घनश्याम सिंह (43 वर्ष) और पीयूष कुमार (21 वर्ष) के रूप में की है। इनमें धर्मेंद्र, राजमणि, रौशन और घनश्याम राँची के निवासी हैं, जबकि पीयूष कुमार रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत रसदा गांव का रहने वाला है।

स्विफ्ट कार के साथ चार मोबाइल जब्त, एक आरोपी का ATS केस से भी कनेक्शन

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट कार के अलावा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। धर्मेंद्र कुमार साव के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जबकि राजमणि गुप्ता और रौशन कुमार सिंह के पास से एक-एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रौशन कुमार सिंह का नाम पूर्व में एटीएस थाना कांड संख्या 04/24 में भी दर्ज है। इस मामले में यूएपीए की धाराओं का उल्लेख है।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने किया कांड का खुलासा

अपहरण कांड के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष छापेमारी दल में पतरातू अंचल के पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, अजीत कुमार, मंदु कुमार शर्मा, पतरातू थाना के उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार, रामगढ़ के नौशाद कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की इस वारदात का खुलासा हुआ और 42 वर्षीय कमलेश ठाकुर को सुरक्षित बचा लिया गया।

 

error: Content is protected !!