पतरातू में ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे ट्रैकमैन की मौत, ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा

 

रामगढ़। रामगढ़ के पतरातू में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में रेलवे ट्रैकमैन की जान चली गई। छापर रेलवे गेट के समीप ड्यूटी के दौरान 33 वर्षीय मूलचंद ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे कर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा रेलवे पोल संख्या 132-33 के बीच हुआ। बताया जाता है कि मूलचंद डाउन लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान डाउन पैसेंजर ट्रेन के गुजरने की सूचना थी। ट्रेन की आवाजाही के दौरान वह रिवर्स लाइन की ओर चले गए और इसी बीच वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

मूलचंद वर्ष 2015 में रेलवे में बहाल हुए थे। वह किरीगरा के रहने वाले थे। परिवार में माता-पिता, पत्नी और आठ से दस वर्ष की एक बेटी है। जिस पिता के सहारे परिवार का भविष्य टिका था, उसकी अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजे जाने की बात कही जा रही है।

इस हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मूलचंद के सहकर्मियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं, ताकि ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी को अपनी जान न गंवानी पड़े।

error: Content is protected !!