सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर से पत्रकार अभिषेक भारती को किया गिरफ्तार, पाकरटांड थाना में दर्ज मामले में चल रहे थे वांछित
सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने पाकरटांड थाना में दर्ज एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त पत्रकार अभिषेक भारती को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार, 25 नवंबर को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिषेक भारती पाकरटांड थाना कांड संख्या 25/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 का वांछित अभियुक्त था। मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में सिमडेगा पुलिस की एक टीम ने तकनीकी एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पाकरटांड थाना में दर्ज मामले की प्रकृति क्या है और अभिषेक भारती पर किस तरह के आरोप लगाए गए हैं।
मामले में कई अहम सवाल
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर 13 नवंबर को दर्ज मामले में अभिषेक भारती की क्या भूमिका बताई गई है और पुलिस किन आरोपों के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल सिमडेगा पुलिस की ओर से इन बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

