हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी, अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

 

हजारीबाग। जिले में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को एसपी ने जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों, संगठित अपराध, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

एसपी ने हाल के दिनों में राहुल दुबे गैंग की ओर से की जा रही फायरिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना क्षेत्रों में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। संगठित अपराध से जुड़े वैसे अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, जो जेल से बाहर आ चुके हैं। वहीं, फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में महिला अपराधों को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया। महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े लंबित मामलों पर विशेष फोकस करते हुए सभी मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा वर्ष 2026 से पहले के लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने को कहा गया।

अपराधियों की पांच साल की कुंडली खंगालेगी पुलिस

एसपी ने पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा गया है।

अवैध कोयला, बालू और पत्थर के उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

अक्टूबर में 309 मामले दर्ज, 471 कांडों का निष्पादन

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 309 कांड दर्ज किए गए, जबकि 471 कांडों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 651 वारंट और कुर्की का निष्पादन हुआ। वहीं, 1086 पासपोर्ट सत्यापन और 172 चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के जरिए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कर दिया कि जिले में संगठित अपराध, फायरिंग, साइबर अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज की जाएगी।

error: Content is protected !!