दुमका के शिकारीपाड़ा में हिंसा के बाद घटनास्थल पर मिले बवाल के निशान, क्षतिग्रस्त पुलिस बोलेरो और सड़क पर गिरा पेड़,कोल कंपनी का अधिकारी भी घायल
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक इलाके में ग्रामसभा के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद घटनास्थल पर तबाही और टकराव के निशान मिले हैं। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुए बवाल के बाद मौके पर पहुंचने पर कई अहम तस्वीरें सामने आईं। घटनास्थल पर पुलिस की एक बोलेरो क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जबकि सड़क पर एक पेड़ गिरा हुआ पाया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि हिंसा के दौरान रास्ता बाधित करने की भी कोशिश की गई थी।
इस हिंसक घटनाक्रम में कोल कंपनी एचपीजीसीएल का एक अधिकारी भी घायल हुआ है। घायल अधिकारी को प्रशासन की ओर से शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि कोल ब्लॉक के सर्वे और ग्रामसभा को लेकर बीती रात इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच जमकर पथराव हुआ। इस झड़प में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई गई थी।
आखिर ग्रामसभा में ऐसा क्या हुआ कि भड़क उठी हिंसा?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि ग्रामसभा के दौरान आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने पूरे माहौल को हिंसक बना दिया? किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते पथराव की नौबत क्यों आ गई? फिलहाल घटनाक्रम के सभी पहलू पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन, सड़क पर गिरा पेड़ और घायल कंपनी अधिकारी की मौजूदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। प्रशासन के सामने अब हिंसा की पूरी कड़ी और उसके पीछे की वजहों का पता लगाने की चुनौती है।

