गिरिडीह में ससुर-बहू की टांगी से काटकर निर्मम हत्या, प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन का एंगल आया सामने; आधी रात घर में घुसा था आरोपी

 

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह में एक ही परिवार के दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने घर में घुसकर पहले ससुर को निशाना बनाया। बहू उन्हें बचाने पहुंची तो उसे भी नहीं बख्शा। टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती चर्चा पुराने विवाद की थी, लेकिन अब पुलिस सूत्रों के हवाले से प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन का मामला भी सामने आ रहा है।

दिल दहला देने वाली यह घटना पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव की है। मृतकों की पहचान शुकर मंडल (55 वर्ष) और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) के रूप में हुई है। दोनों की हत्या उनके घर के सामने ही टांगी से वार कर की गई।

अवैध संबंध और पैसों के लेनदेन में विवाद की चर्चा!

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन का विवाद भी वजह हो सकता है। सूत्रों की मानें तो मृतका शीला देवी और आरोपी के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर पहले भी विवाद और झगड़ा हो चुका था। बताया जा रहा है कि शीला देवी का पति सूरत में रहकर काम करता है। वहीं, आरोपी भी सूरत में ही काम करता था।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और मृतका के बीच कथित संबंधों के अलावा पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया और ससुर-बहू की हत्या कर दी गई। हालांकि, प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन से जुड़े इस एंगल की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

आधी रात घर में घुसा, विवाद के बाद टांगी से किया हमला

परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आधी रात के बाद एक व्यक्ति शुकर मंडल के घर में दाखिल हुआ था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्ष घर से बाहर आ गए। इसी दौरान हमलावर ने टांगी से शुकर मंडल पर हमला कर दिया।

ससुर पर हमला होते देख बहू शीला देवी उन्हें बचाने के लिए बीच में आ गईं। लेकिन हमलावर ने उन्हें भी निशाना बना लिया। पहले शुकर मंडल की हत्या की और फिर शीला देवी को भी टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घर के सामने ही दो लोगों की हत्या से गांव में दहशत फैल गई।

पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी आरके राणा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इसके बाद सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव कब्जे में लेने से रोक दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक कोई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।

डीएसपी ने की दोहरे हत्याकांड की पुष्टि

डीएसपी आरके राणा ने बताया कि पचंबा थाना क्षेत्र के खावा में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड में प्रेम प्रसंग, कथित अवैध संबंध और पैसों के लेनदेन का एंगल सामने आने से मामला और उलझ गया है। पुलिस के सामने अब दोहरी हत्या की गुत्थी सुलझाने और वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाने की चुनौती है।

error: Content is protected !!