नेतरहाट की सैर पर निकले जमशेदपुर के पांच लोग हादसे के शिकार, नदी के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलटी कार

 

लोहरदगा। पर्यटन स्थल नेतरहाट घूमने की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब जमशेदपुर से निकले पांच लोगों की कार लोहरदगा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सेन्हा थाना क्षेत्र के बुटी पंचायत अंतर्गत कंडरा के पास केरा झरिया नदी के समीप शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे दिशा संकेत बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सीधे बगल के खेत में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। इनमें एक युवती को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य लोगों को भी चोट के साथ अंदरूनी जख्म होने की जानकारी मिली है।

मिली जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच-05 डीडी-4549 में सवार सभी पांच लोग जमशेदपुर के साकची से नेतरहाट घूमने के लिए निकले थे। शनिवार को जब उनकी कार केरा झरिया नदी के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते कार सड़क किनारे लगे दिशा संकेत बोर्ड को टक्कर मारते हुए खेत में पलट गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी पांचों घायलों को बाहर निकाला गया और उनके प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई।

घायलों की पहचान जमशेदपुर के साकची निवासी सुखदेव वासकी के 30 वर्षीय पुत्र कालिदास वासकी, सुमित हांसदा (26), कर्ण महली (25), स्नेह देवी (24) और सोनाली मुर्मू (24) के रूप में हुई है।

हादसे में कार बुरी तरह पलट गई, लेकिन राहत की बात रही कि पांचों लोगों की जान बच गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

error: Content is protected !!