तीन शव वाहन खड़े रहे, सफाईकर्मी की लाश कचरा गाड़ी से पहुंची अस्पताल, गिरिडीह निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल

 

गिरिडीह।शहर को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले एक सफाईकर्मी को मौत के बाद भी सम्मान नहीं मिल सका। गिरिडीह में नगर निगम की संवेदनहीन व्यवस्था की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। निगम के बेसमेंट में तीन शव वाहन खड़े रहे, लेकिन जब निगम के ही सफाईकर्मी की मौत हुई तो उसका शव कचरा उठाने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने नगर निगम की कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी के रूप में हुई है। सोनू गिरिडीह नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के तौर पर काम करते थे। रोजाना शहर की सड़कों और गलियों से कचरा उठाकर शहर को स्वच्छ बनाने वाले सोनू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद जब उनका शव मिला तो उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी। लेकिन यहां जो हुआ, वह निगम की व्यवस्था पर बड़ा सवाल बन गया। एंबुलेंस या शव वाहन के बजाय सोनू का शव कचरा ढोने वाली गाड़ी में रखकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार की ओर से गिरिडीह नगर निगम को तीन नए शव वाहन उपलब्ध कराए गए थे। इन वाहनों का उद्देश्य ही मृतकों के शव को सम्मानपूर्वक अस्पताल और घर तक पहुंचाना था। इसके बावजूद तीनों वाहन निगम के बेसमेंट में खड़े रहे और एक सफाईकर्मी के शव को कचरा गाड़ी में ले जाना पड़ा।

परिजनों और साथी सफाईकर्मियों का आरोप है कि शव मिलने के बाद उन्होंने निगम प्रशासन से शव वाहन उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन उनकी गुहार पर समय रहते कोई व्यवस्था नहीं की गई। आखिरकार मजबूरी में कचरा उठाने वाली गाड़ी का सहारा लेना पड़ा। सवाल यह है कि जब नगर निगम अपने ही कर्मचारी को यह बुनियादी सुविधा नहीं दे सका, तो आम नागरिकों को उससे क्या उम्मीद की जाए?

महापौर और उपमहापौर ने संभाली जिम्मेदारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद शव को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई गई। उपमहापौर ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निगम प्रशासन और नगर आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब निगम के पास तीन-तीन शव वाहन मौजूद हैं, तब निगम के ही कर्मचारी का शव कचरा गाड़ी से अस्पताल पहुंचना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों की मांग के बावजूद नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। साथ ही मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी।

अब शहर में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सरकारी पैसे से खरीदे गए तीनों शव वाहन किस काम के लिए खड़े हैं? क्या इन वाहनों का लाभ सिर्फ कागजों और दावों तक सीमित है? जिस सफाईकर्मी ने जिंदगीभर शहर का कचरा उठाया, उसकी मौत के बाद उसी कचरा गाड़ी में शव ले जाना गिरिडीह नगर निगम की व्यवस्था पर एक ऐसा दाग है, जिसका जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को देना होगा।

error: Content is protected !!