लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर से पुलिस की सीधी भिड़ंत, दोनों तरफ से चली गोलियां; 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला बदमाश घायल…
डेस्क/हिसार।पांच करोड़ रुपये की रंगदारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन और फिर पुलिस के साथ आमने-सामने की मुठभेड़! हरियाणा के हिसार में CIA-1 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक कथित शूटर को एनकाउंटर के बाद दबोच लिया। बरवाला के बाडो पट्टी टोल के नजदीक जेवर मार्ग पर पुलिस और आरोपी के बीच जमकर गोलियां चलीं। दोनों तरफ से दो-दो राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हिसार भेजा गया है।
5 करोड़ की रंगदारी मांगकर दहशत फैलाने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी पर करनाल और रोहतक में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने करनाल में एक सरपंच और रोहतक में एक स्कूल संचालक को निशाना बनाते हुए रंगदारी मांगी थी। इन मामलों को लेकर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
गुप्त सूचना पर पहुंची CIA-1, आमना-सामना होते ही चली गोलियां
बताया जा रहा है कि हिसार CIA-1 की टीम को आरोपी के ठिकाने और गतिविधियों को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बाडो पट्टी टोल के पास जेवर मार्ग पर कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में आरोपी घायल होकर पुलिस के कब्जे में आ गया।
मौके पर भारी पुलिस बल, इलाके की घेराबंदी
एनकाउंटर की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने वारदात स्थल को सील कर दिया है। मौके पर हिसार CIA प्रभारी इंस्पेक्टर करमजीत सिंह और सब इंस्पेक्टर नवीन सहित पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद हैं। घायल आरोपी हिसार जिले का ही रहने वाला बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद रंगदारी नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में खुलासा होने की उम्मीद है।

