मुखिया पति पर जानलेवा गोलीबारी के फरार आरोपी के घर पुलिस की मुनादी, ढोल-नगाड़ों के साथ चिपकाया इश्तेहार
धनबाद। मुखिया पति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ बाघमारा पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस टीम ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी के घर पहुंची। लाउडस्पीकर से मुनादी कराते हुए रथटांड स्थित उसके आवास पर न्यायालय का इश्तेहार चिपकाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
मामला बाघमारा थाना क्षेत्र के मांदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर बेलदार पर हुए जानलेवा हमले से जुड़ा है। इस गोलीकांड में फरार अप्राथमिकी अभियुक्त शेख मिराज उर्फ मिराज आलम उर्फ मिराज खान की तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। शुक्रवार को थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस आरोपी के रथटांड स्थित आवास पर पहुंची और सार्वजनिक रूप से इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई पूरी की।
आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि न्यायालय द्वारा शेख मिराज को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। न्यायालय के आदेश पर उसके घर इश्तेहार चिपकाया गया है। पुलिस ने आरोपी को चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण नहीं करने पर न्यायालय के अगले आदेश के बाद उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
25 अगस्त 2025 की शाम मुखिया पति पर चली थीं गोलियां
गौरतलब है कि 25 अगस्त 2025 की देर शाम चार लोगों ने मुखिया पति शंकर बेलदार पर गोलीबारी की थी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर बाघमारा थाना में कांड संख्या 57/25 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 109(1), 351(2), 352, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस गोलीकांड में पुलिस पहले ही तीन अन्य नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, शेख मिराज अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके खिलाफ अब न्यायालय की प्रक्रिया के तहत इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई है। पुलिस का अगला कदम आरोपी के आत्मसमर्पण नहीं करने की स्थिति में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई कराना होगा।

