पलामू में महिला की खौफनाक हत्या, घर में घुसकर सिर पर चाकू से किए 5-6 वार

 

मेदिनीनगर।झारखण्ड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर के नावाटोली में गुरुवार को एक महिला की घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। 43 वर्षीय साधना सिंह का शव उनके ही कमरे में बेड पर पड़ा मिला। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर चाकू से पांच से छह बार वार किए जाने के निशान मिले हैं। घर के अंदर हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

हत्या के पीछे किसका हाथ है और वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है। मृतका की बड़ी बहन संध्या कुमारी ने राजा अंसारी पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, आकाश कुमार ने राजा उर्फ यूनुस पर हत्या का संदेह जताया है। परिजनों का दावा है कि संदिग्ध पहले भी साधना को धमकी देता था। तीज पर्व से दो-तीन दिन पहले भी फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। बताया जाता है कि मृतका और संदिग्ध के बीच पिछले करीब दो वर्षों से जान-पहचान थी।

साधना के पति जमशेदपुर में नौकरी करते हैं। गुरुवार सुबह मकान में रहने वाला किरायेदार पानी की टंकी में पानी नहीं होने पर मोटर चलाने के लिए ऊपर पहुंचा। काफी देर तक साधना के कमरे से बाहर नहीं आने पर उसे शक हुआ। कमरे का दरवाजा बंद देखकर उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद जब लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो साधना बेड पर मृत पड़ी थीं। यह दृश्य देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

संदिग्ध हिरासत में, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आपसी संबंधों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका खंगाल रही है।

 

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताया है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।वहीं, घर में घुसकर हत्या से इलाके में हड़कम्प मच गया है।

 

 

 

error: Content is protected !!