दुमका: खाना फेंकने को लेकर ऐसा भड़का विवाद कि माता-पिता ने ही बेटे को पीट-पीटकर मार डाला….कुदाल और लाठी-डंडे से हमले का आरोप, दोनों हिरासत में
दुमका। झारखण्ड के दुमका जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हंसडीहा थाना क्षेत्र में खाना फेंकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे को अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि माता-पिता ने ही मिलकर अपने बेटे महेश मांझी पर कुदाल और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल महेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घर में खाना फेंकने को लेकर महेश और उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर माता-पिता ने कुदाल और लाठी-डंडे से महेश की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमला इतना गंभीर था कि महेश की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मृतक की मां फूलों देवी और पिता गोवर्धन मांझी को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामूली घरेलू विवाद में बेटे की मौत और माता-पिता पर लगे हत्या के आरोप ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

