राँची में पैसों के विवाद में खूनी खेल..एक दर्जन से अधिक युवक पहुंचे विकास के घर, गाली-गलौज के बाद घर पर चलाई गोली, छोटे भाई की गोली मारकर हत्या से इलाके में हड़कंप
राँची। राजधानी राँची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बुधवार देर रात पैसों के लेनदेन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई से विवाद का हिसाब चुकता करने पहुंचे युवकों की फायरिंग में छोटे भाई की जान चली गई। मृतक की पहचान छोटू महतो उर्फ मिथिलेश के रूप में हुई है। अपराधियों ने घर के बाहर से गोली चलाई, जो सीधे मिथिलेश की आंख में जा लगी। गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 11:30 बजे एक दर्जन से अधिक युवक विकास महतो के घर पहुंचे थे। वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बकझक और कहासुनी हुई। इसके बाद मामला शांत हो गया और युवक वहां से चले गए। बताया जाता है कि करीब एक घंटे बाद, रात लगभग 12:30 बजे आरोपी दोबारा पहुंचे और घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर घर की ओर फायरिंग कर दी। गोली विकास महतो के छोटे भाई मिथिलेश महतो उर्फ छोटू की आंख में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
जमीन के पैसे के लेनदेन का हो सकता है विवाद
सूत्रों के अनुसार, पूरे विवाद के पीछे जमीन से जुड़े पैसों के लेनदेन का मामला हो सकता है। बताया जा रहा है कि धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और विकास महतो के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
आधा दर्जन युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एक युवक की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

