पलामू में विधवा महिला के साथ दरिंदगी, घर से उठाकर ले गए तीन युवक; डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म,एक गिरफ्तार,दो फरार..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घर में अकेली रह रही एक विधवा महिला को कथित तौर पर तीन युवक जबरन उठाकर ले गए और उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस हैवानियत के बाद पीड़िता किसी तरह घर लौटी और परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

घटना पाटन थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। सोमवार की शाम करीब 7:30 बजे महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोप है कि महुलिया गांव के तीन युवक उसे अपने घर से करीब 200 मीटर दूर ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

रात करीब नौ बजे महिला घर लौटी तो उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मंगलवार की शाम परिजन पीड़िता को लेकर पाटन थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने 33 वर्षीय मिथिलेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी बालिग हैं।

पीड़िता दलित समुदाय से है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके के ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 

 

error: Content is protected !!