सेब-अनार की पेटियों में छिपाकर ले जा रहा था शराब की बड़ी खेप, पुलिस की जांच शुरू होते ही इमरजेंसी गेट से कूदकर भागा तस्कर

 

 

पलामू।शराब तस्करी के लिए तस्कर किस-किस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं, इसकी एक बानगी पलामू में देखने को मिली। इस बार शराब की बोतलों को किसी बोरे या कार्टन में नहीं, बल्कि सेब और अनार की पेटियों के भीतर छिपाकर बिहार ले जाने की तैयारी थी। तस्कर ने पूरी योजना इस तरह बनाई थी कि फल की सामान्य पेटियां देखकर किसी को शराब की तस्करी का शक तक न हो। लेकिन पुलिस की एक जांच ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। बस में तलाशी शुरू होते ही पकड़े जाने के डर से तस्कर इमरजेंसी गेट से कूदकर फरार हो गया। इसके बाद जब पुलिस ने फलों की पेटियां खुलवाईं तो अंदर छिपाकर रखी शराब की बोतलें देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

घटना बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे की है। पंडवा थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर लोहड़ा स्थित प्लस टू सूरत उच्च विद्यालय के समीप पुलिस ने मेदिनीनगर से औरंगाबाद जा रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस की नजर बस में रखी सेब और अनार की पेटियों पर पड़ी। पहली नजर में ये सामान्य फल की पेटियां दिखाई दे रही थीं, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने उनकी जांच शुरू की। पेटियां खोलकर देखी गईं तो उनके भीतर फलों के बीच शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद बस में शराब तस्करी का पूरा मामला सामने आ गया।

अंबा तक का टिकट लेकर बस में सवार हुआ था तस्कर

जानकारी के अनुसार, शराब की खेप लेकर जा रहा तस्कर मेदिनीनगर से बिहार के अंबा तक का टिकट लेकर यात्री बस में सवार हुआ था। उसने शराब की बोतलों को सेब और अनार की पेटियों के भीतर इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में आसानी से किसी की नजर उन पर न पड़े। फल की पेटियों को देखकर यही लगता कि कोई यात्री फल लेकर जा रहा है। लेकिन लोहड़ा के पास पुलिस की तलाशी शुरू होते ही उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई।

पुलिस को देखते ही इमरजेंसी गेट से लगाई छलांग

बताया जाता है कि बस में पुलिस की जांच शुरू होते ही तस्कर को पकड़े जाने का डर सताने लगा। खुद को घिरता देख उसने बस के पिछले हिस्से में बने इमरजेंसी गेट का सहारा लिया और वहां से कूदकर भाग निकला। इसके बाद वह लोहड़ा पंचायत की ओर फरार हो गया। पुलिस ने शराब की पेटियों को अपने कब्जे में लेकर फरार तस्कर की तलाश शुरू कर दी है।

गिनती के बाद सामने आएगी शराब की पूरी खेप

इस संबंध में पंडवा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि पुलिस ने फल की पेटियों से शराब बरामद कर जब्त की है। फिलहाल बरामद बोतलों की गिनती की जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद ही शराब की कुल मात्रा और उसके ब्रांड की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस फरार तस्कर की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए लोहड़ा पंचायत और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।

फल की पेटियों में शराब छिपाकर बिहार ले जाने की इस कोशिश ने एक बार फिर शराब तस्करों के नए-नए हथकंडों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

error: Content is protected !!