सनसनी:राँची के होटवार जेल में बंदी से दरिंदगी का आरोप…जेल अधीक्षक, डॉक्टर समेत 19 पर FIR दर्ज
–होटवार सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदी से सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार और नशा देने का सनसनीखेज आरोप: जेल अधीक्षक, डॉक्टर व वार्ड इंचार्ज समेत 19 पर खेलगांव थाने में एफआईआर दर्ज
–मामले में बरी होकर बाहर निकले 20 वर्षीय युवक के पिता ने दर्ज कराया केस; महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात तीन बार दरिंदगी करने, शिकायत फाड़ने और इलाज से इनकार करने के गंभीर आरोप
राँची।राजधानी राँची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है।जेल में विचाराधीन बंदी रहे 20 वर्षीय युवक के साथ हिरासत में नशीला पदार्थ पिलाकर तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार (कस्टोडियल गैंगरेप) करने, शिकायत पत्र फाड़ने और इलाज से इनकार करने के आरोप में खेलगांव थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है।रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित मेकोन कॉलोनी निवासी पीड़ित युवक के पिता ने लिखित शिकायत पर बीएनएस की धारा के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
जेल अधीक्षक, मेडिकल ऑफिसर समेत कुल 19 लोगों को बनाया गया आरोपी
शिकायतकर्ता पीड़ित के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र एक मामले (कांड संख्या 21/2026) में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में बंद था, जिसे राँची की अदालत ने 12 जून 2026 को ससम्मान बरी कर दिया। जेल से छूटने के बाद युवक गहरे मानसिक सदमे (ट्रॉमा) में था, जिसके बाद पूरी आपबीती सामने आई। इस मामले में आरोपियों को दो श्रेणियों में नामजद किया गया है।मुख्य आरोपियों (सेट-ए) में जेल के अंदर बंद पिंटू (वार्ड 14), अरविंद गुप्ता (वार्ड 14), साहिल अंसारी (वार्ड 15), साहिल साह (वार्ड 15), रबिसर लोहरा (वार्ड 15), पवन (कैंटीन बॉय, वार्ड 14), मंटू (वार्ड 14), धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव (वार्ड 15), बल्लू (वार्ड 15), रेहान गोलू (वार्ड 15), गोलू साव (वार्ड 15), पोगो (अज्ञात), वार्ड नंबर 15 का वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव (वार्ड 14) शामिल हैं।वहीं, सह-आरोपियों व साजिशकर्ताओं (सेट-बी) में लोक सेवक के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक , वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर को नामजद किया गया है।
महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात तीन बार की गई दरिंदगी
एफआईआर के अनुसार, जेल के भीतर गिरोह ने तीन अलग-अलग पर्वों की रात युवक को अपना शिकार बनाया।
पहली घटना (महाशिवरात्रि की रात): आरोपियों ने जबरन 20 वर्षीय युवक को साड़ी पहनाई और मेकअप कर उसे महिला घोषित किया।इसके बाद रात में जबरन कोई तरल नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे घसीटकर वार्ड नंबर 3-ए में ले जाया गया और उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया, जिससे रात में उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
दूसरी घटना (रामनवमी की रात): उसी गिरोह ने रामनवमी की रात दोबारा युवक को जबरन फिर एक महिला।के रूप में सजाया और नशीला पदार्थ खिलाकर 3 नंबर ग्राउंड हॉल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
तीसरी घटना (सरहुल पूजा की रात): तीसरी बार सरहुल पूजा की रात आरोपियों ने युवक को जबरन घसीटते हुए वार्ड नंबर 5 स्थित सरहुल वार्ड में ले जाकर उसके साथ फिर से सामूहिक दरिंदगी की।
शिकायत पत्र फाड़ने और जेल अस्पताल में इलाज से इनकार करने का आरोप
आवेदन में जेल प्रशासन के अधिकारियों की भूमिका को भी आपराधिक कृत्य बताते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायत के मुताबिक, पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत लिखकर वार्ड इंचार्ज को दी थी, लेकिन वार्ड इंचार्ज ने उसके साथ गाली-गलौज की और शिकायत पत्र फाड़ दिया. इसके अलावा, दरिंदगी के कारण निजी अंग से रक्तस्राव होने पर जब पीड़ित इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, तो मेडिकल ऑफिसर ने गाली-गलौज करते हुए उसकी जांच करने से इनकार कर दिया और बिना उपचार के ही वापस भेज दिया।इतना ही नहीं, 12 जून 2026 को जेल से रिहाई (डिस्चार्ज) के समय भी जेल प्रशासन द्वारा नियमों के तहत उसकी कोई मेडिकल जांच नहीं कराई गई।फिलहाल खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

