चतरा में बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने की थी साजिश, जीजा-साला हथियार के साथ गिरफ्तार; 9 एमएम पिस्टल बरामद

 

चतरा। जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की कथित साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इलाके में दहशत फैलाकर बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे जीजा-साले को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 9 एमएम का एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, दो खोखा और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देते, इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती और उसके साले मरगड़ा गांव निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। मामले का खुलासा मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

साले ने जीजा को उपलब्ध कराया था हथियार

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ अपराधी अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के मुताबिक, अपराधियों के निशाने पर इलाके के बड़े कारोबारी थे।

इसके बाद एसपी के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ग्राम विजनी के टोला पड़रियाबर स्थित तीनमुहाना के पास पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक की पहचान दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर में बेल्ट के सहारे छिपाकर रखा गया 9 एमएम का देशी पिस्टल बरामद हुआ। उसके पास से एक जिंदा गोली भी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जीजा-साले मिलकर कारोबारियों में फैलाना चाहते थे दहशत

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दशरथ ने खुलासा किया कि उसके साले विक्रम कुमार ने ही उसे अवैध हथियार उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों जीजा-साले मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उनका उद्देश्य कारोबारियों के बीच दहशत फैलाकर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देना था। पुलिस का कहना है कि समय रहते दोनों की गिरफ्तारी से संभावित वारदात टल गई।

दशरथ का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास

एसडीपीओ ने बताया कि दशरथ कुमार भारती का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुंदा थाना में पहले से चोरी का मामला दर्ज है। कुंदा थाना कांड संख्या 47/2021, दिनांक 12 सितंबर 2021 को उसके विरुद्ध आईपीसी की धारा 379 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या 66/26, दिनांक 9 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को अवैध हथियार कहां से मिला और उनकी योजना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

इस अभियान में कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!