छठ पर धुर्वा डैम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा में उतरी NDRF, जवानों ने संभाला मोर्चा

 

राँची।लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी राँची में तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जलाशयों में सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने भी कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी बीच छठ महापर्व के दौरान किसी अनहोनी को रोकने और आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF की टीम भी मैदान में उतर गई है।

मंगलवार को NDRF के जवानों ने राँची के धुर्वा डैम (हटिया डैम) पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। टीम ने जलाशय के आसपास रूट मार्च किया और घाटों सहित संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। जवानों ने पानी की स्थिति और आसपास के क्षेत्रों को देखते हुए संभावित चुनौतियों का आकलन किया। छठ के दौरान डूबने या किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाने की तैयारी के तहत टीम की सक्रियता बढ़ाई गई है।

धुर्वा डैम पर जुटती है हजारों श्रद्धालुओं की भीड़

धुर्वा डैम राजधानी के प्रमुख जलाशयों में शामिल है। करीब सात वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह विशाल जलाशय न केवल आसपास के लोगों के लिए जलापूर्ति का महत्वपूर्ण स्रोत है, बल्कि अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए भी जाना जाता है। छठ महापर्व के दौरान इस डैम का नजारा पूरी तरह बदल जाता है। शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने और अगली सुबह उगते सूर्य की उपासना के लिए यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है।

गहरे पानी और भीड़ के बीच सुरक्षा की बड़ी चुनौती

छठ के दौरान जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। अर्घ्य देने के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पानी में उतरते हैं। ऐसे में गहरे पानी, फिसलन और भीड़ के दबाव से हादसे की आशंका बनी रहती है। खासकर शाम और सुबह के अर्घ्य के वक्त घाटों पर काफी भीड़ रहती है। किसी श्रद्धालु के डूबने या अचानक आपात स्थिति पैदा होने पर बचाव कार्य में एक-एक पल महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए NDRF के जवानों ने पहले से ही मोर्चा संभाल लिया है।

15 नवंबर को पहला और 16 नवंबर को अंतिम अर्घ्य

इस वर्ष 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

छठ को लेकर धुर्वा डैम सहित राजधानी के प्रमुख घाटों पर तैयारियां तेज हैं। श्रद्धालुओं की आस्था के इस महापर्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर NDRF की सक्रियता से किसी भी संभावित आपदा से निपटने की तैयारी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

error: Content is protected !!