दीपावली की रात तमाड़ में मौत का तांडव, फोन कर बुलाए साथी और फिर चाकू से कर दी युवक की हत्या
राँची।दीपावली की रात जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं राँची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी में एक मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। सड़क से गुजर रही कार के हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 27 वर्षीय युवक कांगरेश महतो की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। चाकू का वार सीधे उसकी छाती में लगा, जिसके बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने पुराने विवाद की खुन्नस निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन-चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
शराब दुकान के पास बैठे थे कांगरेश, हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, गोमियाकोचा विजयगिरि निवासी कांगरेश महतो दीपावली की रात अपने चार-पांच दोस्तों के साथ रंगामाटी स्थित शराब दुकान के पास बैठा हुआ था। सभी दुकान से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से एक कार गुजरी। रास्ता देने के लिए कार चालक ने हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जाता है कि शुरुआत में मामला सिर्फ बहस और गाली-गलौज तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि कार में सवार युवक ने फोन कर अपने कुछ अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद विवाद और गहरा गया तथा दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
छाती में चाकू लगते ही जमीन पर गिरा युवक
इसी दौरान एक युवक ने कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उसकी छाती में लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रिश्तेदारों ने आनन-फानन में उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।हत्या की खबर फैलते ही रंगामाटी और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
छह महीने पहले हुई थी शादी, घर का इकलौता कमाने वाला था कांगरेश
इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। कांगरेश महतो की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। परिवार में उसकी मां और पत्नी हैं। बताया जाता है कि वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसी के सहारे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जवान बेटे की मौत से मां बेसुध है, वहीं नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। छह महीने पहले जिस युवती ने जीवनभर साथ निभाने का सपना देखा था, उसका सुहाग दीपावली की रात उजड़ गया।
तीन-चार युवक हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, राँची भेज दिया है। वहीं, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात तीन-चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि दीपावली की रात हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद महज तात्कालिक घटना थी या इसके पीछे पुरानी रंजिश भी थी।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल पूरे मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया है। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार को पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। फिलहाल पुलिस की जांच आरोपियों की भूमिका, हत्या की वजह और चाकू से वार करने वाले युवक की पहचान पर केंद्रित है।

