राँची में स्कूटी चोर और मोबाइल छिनतई गिरोह का बड़ा खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार; चोरी की स्कूटी से राहगीरों को बनाते थे निशाना, 8 कांडों का पर्दाफाश

 

राँची।राजधानी राँची में स्कूटी चोरी और राह चलते लोगों से मोबाइल व नकदी छिनतई करने वाले शातिर गिरोह पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। कोतवाली, सुखदेवनगर और पंडरा ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन स्कूटी, छिनतई के दो मोबाइल फोन, 1,700 रुपये नकद और एक मास्टर चाबी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर राँची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज स्कूटी चोरी और छिनतई के कुल आठ कांडों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का तरीका बेहद शातिराना था। गिरोह के सदस्य पहले मौका देखकर स्कूटी चोरी करते थे और फिर उसी चोरी की स्कूटी से शहर में घूमकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। सुनसान या मौका देखकर लोगों के हाथ से मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हो जाते थे। इतना ही नहीं, गिरोह के सदस्य निर्माणाधीन मकानों से कीमती बिजली के तार भी चोरी करते थे। पुलिस पूछताछ में विष्णु साव और राजन कुमार उर्फ मुखिया को गिरोह का मुख्य सरगना बताया गया है।

शहीद चौक से मिली चोरी की स्कूटी, फिर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोतवाली, सुखदेवनगर और पंडरा ओपी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार स्कूटी चोरी और मोबाइल छिनतई की शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली के नेतृत्व में तीनों थाना के पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम लगातार छापेमारी और अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 2 नवंबर 2026 को शहीद चौक के पास से चोरी की एक स्कूटी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने गिरोह तक पहुंचने के लिए छानबीन तेज कर दी। इसी क्रम में 5 नवंबर की शाम गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की स्कूटी, छिनतई के मोबाइल और नकदी बरामद की गई।

विष्णु और राजन निकले गिरोह के मुख्य सरगना

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु साव (21 वर्ष), राजन कुमार उर्फ मुखिया (18 वर्ष), रौनक नायक (22 वर्ष), अर्पित मिंज (20 वर्ष) और राहुल कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विष्णु साव और राजन कुमार उर्फ मुखिया गिरोह के मुख्य सरगना हैं। इनके नेतृत्व में गिरोह के सदस्य स्कूटी चोरी, मोबाइल और नकदी छिनतई जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल छिनतई की घटनाओं में करते थे, ताकि वारदात के बाद तेजी से फरार हो सकें। इसके अलावा निर्माणाधीन मकानों से कीमती तार चोरी करने की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।

आठ कांडों का खुलासा, कई थाना क्षेत्रों में फैला था नेटवर्क

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ मामलों का उद्भेदन किया है। इनमें कोतवाली थाना के दो, सुखदेवनगर थाना के दो, पंडरा ओपी क्षेत्र के तीन और नगड़ी थाना क्षेत्र के एक मामले शामिल हैं।

खुलासे में शामिल कांडों का विवरण इस प्रकार है—

– कोतवाली थाना कांड संख्या 235/2026, दिनांक 15.10.2026।
– कोतवाली थाना कांड संख्या 263/2026, दिनांक 02.11.2026।
– सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 356/2026, दिनांक 01.11.2026।
– सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 339/2026, दिनांक 14.10.2026।
– सुखदेवनगर थाना (पंडरा ओपी) कांड संख्या 332/2026, दिनांक 04.10.2026।
– सुखदेवनगर थाना (पंडरा ओपी) कांड संख्या 351/2026, दिनांक 25.10.2026।
– सुखदेवनगर थाना (पंडरा ओपी) कांड संख्या 355/2026, दिनांक 31.10.2026।
– नगड़ी थाना (दलादली ओपी) कांड संख्या 128/2026, दिनांक 26.07.2026।

सभी पांच आरोपियों का आपराधिक इतिहास, पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार पांचों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। राजन कुमार उर्फ मुखिया के खिलाफ रातू, नावाजयपुर (पलामू) और अरगोड़ा थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। वहीं विष्णु साव के खिलाफ रातू, सुखदेवनगर और लालपुर थाना में चार मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

राहुल कुमार के खिलाफ धुर्वा (हटिया) और नगड़ी थाना में तीन मामलों का उल्लेख है। अर्पित मिंज के खिलाफ नगड़ी और चुटिया थाना में दो मामले दर्ज हैं, जबकि रौनक नायक के खिलाफ रातू थाना में एक मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

छापेमारी टीम में शामिल रहे कई थानों के पुलिस पदाधिकारी

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी पु0नि0 सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी पु0नि0 सुनील प्रसाद कुशवाहा, पंडरा ओपी प्रभारी पु0अ0नि0 विवेक कुमार, कोतवाली थाना के पु0अ0नि0 प्रदीप कुमार राय एवं मीनकेतन कुमार तथा सुखदेवनगर थाना के पु0अ0नि0 राहुल मेहता सहित महिला एवं पुरुष सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही चोरी गई अन्य स्कूटी की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से राजधानी में स्कूटी चोरी और राहगीरों से छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है।

 

 

error: Content is protected !!