कथारा कोलियरी में मौत बनकर धंसा कोयले का पहाड़… जलावन चुनने गईं तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत, चार गंभीर रूप से घायल

 

बोकारो। बोकारो जिले के कथारा कोलियरी में गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोयले के स्टॉक में अचानक धंसान होने से वहां मौजूद सात लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा बेरमो इलाके में सीसीएल के कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी में गुरुवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ। बताया जाता है कि कुछ स्थानीय लोग घरेलू उपयोग के लिए जलावन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए कोयला चुनने स्टॉक के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का बड़ा हिस्सा धंसकर नीचे आ गिरा। वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और सात लोग कोयले के भारी मलबे के नीचे दब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक तीन महिलाओं की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान स्थानीय निवासी हीरालाल की पत्नी, गल्लू यादव की पत्नी पुष्पा देवी और विश्वनाथ की पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है। तीनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ तीन महिलाओं की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी सात लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं थे, बल्कि स्थानीय निवासी थे। वे अपने घरों में खाना बनाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए जलावन के रूप में इस्तेमाल करने के उद्देश्य से कोयला चुनने गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कोयले का स्टॉक किस वजह से धंसा और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर कोलियरी क्षेत्रों में कोयला चुनने के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

error: Content is protected !!